पहले बाहर से सिरिंज लाओ, तब लगेगा एंटी रैबीज
Gonda News - गोण्डा के बाबू ईश्वर शरण अस्पताल में कुत्ता काटने के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने वाले मरीजों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में सिरिंज की कमी के कारण मरीजों को बाहर से सिरिंज खरीदने के लिए कहा जा रहा है। सीएमएस ने कहा कि उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है।

गोण्डा, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध बाबू ईश्वर शरण अस्पताल में इन दिनों कुत्ता काटने के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने आने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से सिरिंज नदारद है, जिसके चलते मरीजों को पहले बाहर से सिरिंज खरीदकर लाने के लिए कहा जा रहा है, तब जाकर उन्हें रैबीज का इंजेक्शन लगाया जा रहा है। बुधवार को अस्पताल में 125 से ज्यादा लोगों को एआरवी इंजेक्शन लगाया है। अस्पताल में प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज नए और पुराने मिलाकर कुत्ते के काटने के बाद एंटी रैबीज टीका लगवाने पहुंचते हैं।
इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। अपने बच्चे को इंजेक्शन लगवाने आए श्याम शरण तिवारी ने बताया कि अस्पताल में पहले पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगना पड़ता है। इसके बाद मेडिकल स्टोर से सिरिंज लाने के बाद कुत्ता काटने का इंजेक्शन लग पता है। अन्य मरीजों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है।जेम पर तीन रुपए जबकि साढ़े तीन में पड़ रही सिरिंज: अस्पताल में सारी खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से ही की जाती है। बताया जाता है कि जेम पर तीन रुपए में एक एमएल की रैबीज इंजेक्शन लगाने के लिए प्रयोग की जाने वाली सिरिंज उपलब्ध दिखाई जा रही है जबकि मौजूदा समय में एक एमएल की यह सिरिंज इस समय साढ़े तीन रुपए में थोक रेट पर मिल रही है। लागत से कम मूल्य जेम पर होने के कारण कोई भी फर्म सिरिंज आपूर्ति करने को तैयार नहीं है, जिससे खरीद फंसी हुई है और मरीजों को बाहर से खरीदना पड़ रहा है।मेडिकल स्टोर पर दस रुपये में मिल रही है यह सिरिंज : मेडिकल कॉलेज के बाहर मेडिकल स्टोरों पर यह एक एमएल की यह सिरिंज दस रुपये में बेंची जा रही है। लोग बताते हैं कि पहले यह सिरिंज पांच रुपए में उपलब्ध थी लेकिन डिमांड बढ़ने और अस्पताल में सप्लाई न आने से इसका मूल्य बढ़ा दिया गया है। अब सिरिंज दस रुपये में बिक रही है। इस सम्बन्ध में सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही सिरिंज मरीजों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


