गलत तरीके से लाइन शिफ्टिंग में तीन संविदा बिजली कर्मियों की सेवा समाप्त
Gonda News - गोण्डा में पावर कार्पोरेशन ने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के लिए 11 केवी हाईटेंशन लाइन को अवैध रूप से शिफ्ट करने के मामले में सात बिजली कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। तीन सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर तीन संविदा लाइनमैन को बर्खास्त किया गया और अन्य कर्मचारियों को स्थानांतरित किया गया।

गोण्डा, संवाददाता। पावर कार्पोरेशन ने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण से जुड़े प्लांट के लिए 11 केवी हाईटेंशन लाइन को अवैध तरीके से शिफ्ट करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नवाबगंज उपखंड के एसडीओ और जेई समेत सात बिजली कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। तीन सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट के बाद यह कदम उठाया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम तुलसीपुर माझा में परिक्रमा मार्ग निर्माण के लिए लगाए गए प्लांट को बिजली आपूर्ति देने के उद्देश्य से 11 केवी लाइन को नियमों के विपरीत शिफ्ट किया गया था। मामले की शिकायत मिलने पर विभाग ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की थी।
टीम में अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता राम मोहन पांडेय और परिक्षेत्रीय लेखाधिकारी अखिलेश कुमार शामिल थे। शनिवार को टीम ने अपनी रिपोर्ट मुख्य अभियंता को सौंप दी, जिसमें आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संविदा लाइनमैन सुग्रीव सिंह, रामबाबू और अशोक को सेवा से बर्खास्त कर दिया। जांच में इनकी लाइन निर्माण कार्य में सीधी संलिप्तता पाई गई। वहीं दो एसएसओ राम जी और गजेन्द्र पाल को परिचालकीय सेवा से हटाकर अन्य उपकेंद्रों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। मामले में अवर अभियंता अरुण कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। बताया गया कि उनके विरुद्ध पूर्व में भी एक मामले में एफआईआर दर्ज है और उन्होंने करीब एक माह पूर्व ही यहां कार्यभार ग्रहण किया था। उपखंड अधिकारी पीयूष सिंह के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है, जिससे स्पष्ट है कि जिम्मेदारी तय करने में विभाग ने वरिष्ठ स्तर तक कार्रवाई की है। रिपोर्ट मे बताया गया है कि लाइन शिफ्टिंग के लिए न तो विधिवत स्वीकृति ली गई थी और न ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। इससे न केवल राजस्व हानि की आशंका बनी, बल्कि सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी हुई। पावर कार्पोरेशन की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों से समझौता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी जांच के दायरे में आए कर्मियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


