Gonda News: बुजुर्ग की मौत में कोर्ट के आदेश पर हत्या का केस
Gonda News: गोंडा/धानेपुर, हिटी। भूमि विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की हत्या किए जाने के आरोप के

Gonda News: गोंडा/धानेपुर, हिटी। भूमि विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की हत्या किए जाने के आरोप के मामले में अदालत के आदेश पर नगर कोतवाली में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेतवागाड़ा के गैवारजोत निवासी शेषराम के मुताबिक उन्होंने ग्राम त्रिभुवननगर ग्रंट स्थित जुमला खाता भूमि का बैनामा 18 दिसंबर 2020 को रिकार्डेड खातेदार शमशुद्दीन पुत्र साबिर से कराया था। बैनामे के आधार पर उसका नाम खतौनी में दर्ज हुआ और वह भूमि पर दाखिल काबिज चला आ रहा था।
आरोप है कि इसी भूमि को लेकर मुश्ताक अहमद पुत्र साबिर ने बैनामे को निरस्त कराने के लिए कूटरचित तरीके से मुकदमा दाखिल कराया। जब उसने इस मुकदमे के संबंध में शमशुद्दीन से जानकारी की तो उन्होंने किसी भी निरस्तीकरण वाद को दाखिल करने से इनकार किया। बाद में शमशुद्दीन ने 20 फरवरी 2026 को संबंधित वाद वापस ले लिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी भूमि विवाद और उसके पक्ष में सहयोग करने के कारण विपक्षी मुश्ताक अहमद अपने परिवार के नसीम, जुबेर, रिजवान, बब्लू व मो. अख्तर के साथ मिलकर शमशुद्दीन से रंजिश रखने लगा। आरोप है कि 01 अप्रैल 2026 को गोण्डा बस स्टेशन पर सभी विपक्षियों ने मिलकर शमशुद्दीन के साथ मारपीट कर उन्हें धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद में उसके पक्ष में सहयोग करने के कारण शमशुद्दीन को निशाना बनाया गया। इस मामले की शिकायत स्थानीय थाने पर की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई तब अदालत की शरण लेनी पड़ी। नगर कोतवाल ने बताया कि मुश्ताक अहमद इनके बेटे नसीम,जुबेर, रिजवान व बबलू तथा मो अख्तर के खिलाफ अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

