करोड़ों ठगी करने वाला कोलकाता से दबोचा गया
Gonda News - पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट पर रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर 200 से अधिक लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमांइड शमसाद को गिरफ्तार किया है। उसने कई नामों से पहचान पत्र बनवाए थे और फर्जी ऑफिस खोला था। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गोंडा लाया जाएगा।

गोण्डा, संवाददाता। पुलिस ने रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर 200 से अधिक लोगों के साथ करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमांइड को कोलकाता एयरपोर्ट से शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को गोंडा लाने की तैयारी में जुटी है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी कोलकाता से बागडोगरा फ्लाइट से जाने वाला था। एयरपोर्ट पर पूर्व में सूचना दिए जाने की वजह से उसे पकड़ने में कामयाबी मिली है। बिहार के चंपारण जिले का है मास्टरमांइड: एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी शमसाद बिहार के चंपारण जिले का निवासी है।
उसने कई नामों से आधार कार्ड बनवा रखा है। शहर में उतरौला रोड पर मल्टी इंटरनेशनल इमीग्रेशन काउंसलिंग नाम से दफ्तर खोलने वाले शमसाद ने यहां अपना परिचय लोगों को विवेक के रूप में दिया था। उसने इसी नाम पर अपना विजिटिंग कार्ड की बनवा रखा था। फर्जीवाड़ा कर सैकड़ों को ठगा था : बीते गुरुवार को सैकड़ों युवाओं से ठगी का मामला सामने आने के बाद नगर कोतवाली में मल्टी इंटरनेशनल इमीग्रेशन काउंसलिंग कंपनी के प्रोपराइटर विवेक कुमार, जुल्फिकार उर्फ जुम्मन, मनीष, सारिका, आर्यन कुमार राज और दीपक के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए लखनऊ, गोरखपुर से लेकर कोलकाता और बिहार तक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गईं थी। कोलकाता में आरोपियों की लोकेशन मिलने पर टीम सक्रिय हुई। शनिवार को एक टीम ने एयरपोर्ट से आरोपी शमशाद को दबोच लिया। पुलिस टीम फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गोण्डा आएगी। उतरौला रोड पर बना रखा था आफिस: शहर के उतरौला रोड स्थित एक कॉम्पलेक्स में ऑफिस बनाकर आरोपियों ने फर्जीवाड़े को दिया। जालसाजों ने प्रदेश के देवीपाटन मंडल के साथ आसपास के कई मंडलों के लोगों को निशाना बनाया। लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। आरोपियों ने बेरोजगारों से दिल्ली से फ्लाइट होने की बात कही थी। सभी जब दिल्ली पहुंचे तो जालसाजों ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। लोगों को टिकट न वीजा दिया। रुबल में सैलरी का झांसा देकर लोगों से एक लाख से 1.30 लाख रुपये तक की वसूली की गई। रकम देने के बाद जब टिकट और वीजा नहीं मिला तो पीड़ित गोण्डा उसके दफ्तर पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



