Gonda News: बैंकों में हड़ताल से करोड़ों का लेनदन ठप
Gonda News: गोंडा में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर एक दिवसीय हड़ताल हुई। शुक्रवार को 21 बैंकों की 241 शाखाएं पूरी तरह से बंद रहीं, जिससे करीब 600 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ। बैंककर्मी अपनी मुख्य मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।
Gonda News: गोंडा, संवाददाता। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के बैंकों में हड़ताल रही। एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का जिले में असर देखने मिला। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने साथ हड़ताल में हिस्सा लेकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इसके चलते राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण और अन्य बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा है। एलडीएम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि हड़ताल की वजह से जिले में 21 बैंकों की 241 शाखाओं में कामकाज नहीं हुआ। इसकी वजह से करीब 600 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन पर असर पड़ा है। शनिवार को अवकाश होने की वजह से अब बैंक सोमवार को खुलेंगे। हड़ताल की जानकारी न होने के अभाव में बैंक शाखाओं पर पहुंचे ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
हड़ताल का नेतृत्व
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ऑफिसर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार और ऑल इंडिया इंडियन बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय, मंडल अध्यक्ष तरुण कुमार शुक्ला के नेतृत्व में संगठनों के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने इंडियन बैंक के मुख्य शाखा पर एकत्रित होकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। यहां से बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी रैली निकालकर गुरु नानक चौराहे होते हुए बस अड्डा चौराहा पहुंचे। यहां आयोजित सभा में बैंक पदाधिकारियों ने कहा कि बैंक प्रबंधन और सरकार का रवैया लगातार बैंककर्मियों के प्रति उपेक्षापूर्ण होता जा रहा है। हमारी दो सूत्रीय मुख्य मांगें एकदम न्यायोचित हैं जिनमें आठ मार्च को द्विपक्षीय समझौते के अनुसार पांच दिवसीय कार्यदिवस को अविलंब लागू किया जाए। यह मांग सरकार के पास 18 महीनों से लंबित है। अधिकारियों के साथ पीएलआई के नाम पर हो रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार को तत्काल समाप्त किया जाए। इसके साथ ही पेंशन अपडेशन, पर्याप्त भर्ती, और अधिकारियों के उत्पीड़न पर रोक जैसी अन्य लंबित मांगों पर भी विचार हो। चार सितंबर को वार्ता हुई और आठ सितंबर को मुख्य श्रमायुक्त के समक्ष सुलह वार्ता विफल होने के बाद हड़ताल अपरिहार्य हो गई थी। विरोध प्रदर्शन में शैलेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, अरविंद यादव, नीरज पटेल, मुकेश कुमार, कौशल यादव, एके तिवारी, शिव प्रसाद मिश्रा, सुरेश कुमार, सुधांशु श्रीवास्तव, सुखदीप सिंह, प्रशान्त श्रीवास्तव, सिद्धार्थ त्रिपाठी, अभय शुक्ला अमित वर्मा आदि मौजूद रहे।
नारेबाजी और रैली
रैली के दौरान जमकर हुई नारेबाजी: सुबह इंडियन बैंकअंचल कार्यालय परिसर से निकाली गई रैली में बैंक कर्मी हाथों में तख्तियां लिए थे । उनपर नारे लिखे हुए थे। शुक्रवार को इंडियन बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ़ इंडिया समेत सभी बैंक की शाखाओ में ताला लटकता रहा। प्रदर्शन के दौरान 600 करोड़ से अधिक लेनदेन पर असर पड़ा। बैंक कर्मियों ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 28, 29 व 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने के लिए कर्मचारी मजबूर हो जाएंगे यही नहीं 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए हम सभी तैयार रहे।


