Gonda News: भूमि विवाद में मारपीट मामले में सात पर केस
Gonda News: धानेपुर के गोकुल नगर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें दर्जनभर लोग घायल हुए। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर दो महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ और अन्य परिवार के सदस्य भी चोटिल हुए। जांच जारी है।

Gonda News: धानेपुर, संवाददाता। थानाक्षेत्र के गोकुल नगर गांव में मंगलवार की देर शाम दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दर्जनभर से ज्यादा लोग चोटिल हुए। इस प्रकरण में एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव के अखिलेश शुक्ल के मुताबिक 25 अगस्त की रात करीब आठ बजे गांव के विपक्षीगण धर्मेन्द्र कुमार, मनोज कुमार, सुरेशदत्त, प्रिन्स, चन्द्र प्रकाश, ममता देवी एक होकर उसके घर आ धमके। भूमि विवाद को लेकर अपशब्द कहते हुए घर में घुस आए तथा लोहे की राड, लाठी, डण्डा व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में उसके पिता दिनेश दत्त शुक्ल गम्भीर चोट लगने से बेहोश हो गये। आरोप लगाया है कि विपक्षियों ने उसके घर के सभी सदस्यों को मारा पीटा और अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के मुताबिक प्रभादेवी, सुधा शुक्ला व दो वर्ष की बेटी मुस्कान को भी चोटें आई है लेकिन पुलिस ने इनका मेडिकल नहीं कराया है। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर मारपीट हुई जिस पर एक पक्ष की तहरीर पर सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है और अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।


