एक करोड़ से बनेंगे साढ़े चार किमी लंबी तीन सड़कें
Gonda News - सच्चिदानंद शुक्ला गोण्डा। जिले की ग्रामीण क्षेत्रों की तीन सड़कों की मरम्मत कराने की
सच्चिदानंद शुक्ला गोण्डा। जिले की ग्रामीण क्षेत्रों की तीन सड़कों की मरम्मत कराने की शासन ने मंजूरी दी है। बताया जाता है कि तीनों सड़के सालों से बदहाल हैं। मंडी परिषद इन सड़कों की मरम्मत कराएगा। विभागीय अफसरों का कहना है कि तीनों सड़कों की मरम्मत पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि खर्च की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द से जल्द सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इन सड़कों के पुनर्निर्माण कराने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शासन से मांग उठाई थी। विभागीय जानकारी के मुताबिक जिले की तीन प्रमुख सड़कों के मरम्मत कार्य के लिए शासन ने एक करोड़ छह लाख चार हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।
गोंडा-अयोध्या हाईवे से चंदापुर नगरी तक 2.70 किलोमीटर सड़क पर 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जबकि, डुमरियाडीह तरबगंज मार्ग से नारायणपुर पिपरी तक 1.40 किलोमीटर सड़क पर 30 लाख रुपये का बजट स्वीकृति हुआ है। तीनों सड़कों में सबसे कम दूरी की सड़क धर्मपुरवा से चंदापुरवा तक 0.50 किलोमीटर पर 11.4 रुपए खर्च किए जाएंगे। ग्रामीणों ने जताई खुशी, दुश्वारियों से मिलेगी निजात: जिले के वजीरगंज क्षेत्र में चंदापुर नगरी गांव को जाने वाली सड़क सालों से बदहाल स्थिति में थी। जबकि इस सड़क से करीब चार हजार से ज्यादा आबादी का आना-जाना होता है। सड़क बनने से चाईपुरवा, झाऊपुरवा, पोखई पुरवा, पहाड़ पुरवा, साहपुरवा, लक्ष्मणपुर, नगरी, महंगुमनिहार, शीर पुरवा, गढ़ौवा सहित अन्य मजरों के लोगों को सहूलियत मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीण सालों से मांग उठा रहे हैं। अब सड़क मरम्मत कार्य की स्वीकृति मिलने पर लोगों ने हर्ष जताया है। चंदापुर निवासी संतोष पाण्डेय, पाटेश्वरी प्रसाद पाण्डेय, बृजेश सिंह, अन्नू सिंह, राजेश्वर पाण्डेय सहित अन्य ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू करने की मांग उठाई है। कोट... जिले की तीन सड़कों के मरम्मत कराने लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी तीन सड़कों की मरम्मत पर एक करोड़ छह लाख चार हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। जल्द से जल्द काम शुरू किया जाएगा। - तेज सिंह, उपनिदेशक मंडी परिषद गोण्डा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




