महाराष्ट्र के नागपुर की कंपनी प्रस्तावित हाईवे के लिए सर्वे में करने में जुटी
Gonda News - गोंडा से अयोध्या के बीच चौड़ा हाईवे बनाने की योजना है। यह हाईवे अब चार नहीं, बल्कि छह लेन का होगा। नागपुर की लायन कंपनी सर्वे कर रही है और अगले हफ्ते रिपोर्ट सौंपेगी। यह हाईवे पार्वती अरगा पक्षी विहार...

गोंडा से रामनगरी के लिए चार नहीं छह लेन का बनेगा हाईवे -कंपनी अगले हफ्ते पर एनएच डिवीजन को सौंप देगी अपनी रिपोर्ट
-पार्वती अरगा पक्षी विहार की वजह से नए एलाइनमेंट पर होगा निर्माण
विजय शंकर शुक्ल
गोंडा। बीते साल श्रीराम जन्मभूमि में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद सरकार अयोध्या की कनेक्टिविटी बेहतर करने में जुटी है। इसी क्रम में गोंडा जिला मुख्यालय को अयोध्या से छह लेन हाईवे से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय के निर्देश पर नागपुर की लायन कंपनी सर्वे करने में जुटी है। अयोध्या स्थित एनएच डिवीजन एक्सईएन एसके मिश्रा ने बताया कि कंपनी को अगले हफ्ते तक प्रस्तावित एलाइनमेंट की सर्वे रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि अब गोंडा-अयोध्या हाईवे ब्राउनफील्ड की बजाय ग्रीन फील्ड बनेगा यानि आबादी वाली जगहों की बजाय से खेतों से गुजारा जाएगा। इसके पीछे मंशा है कि बाजारों में तोड़फोड़ और चौड़ीकरण में आने वाली बाधाओं से बचा जा सके।
विश्व के नक्शे पर अयोध्या का नया स्वरूप उभरने के साथ गोंडा-अयोध्या हाईवे पर वाहनों की तादात हद से ज्यादा बढ़ गई है। दो लेन के हाईवे पर वाहनों की भीड़ इस कदर होती है कि ओवरटेक करना मुश्किल हो जाता है। बीते साल केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को गोंडा सांसद और केंद्रीय पर्यावरण राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने गोंडा-अयोध्या हाईवे को फोरलेन करने के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद विभाग ने अयोध्या हाईवे के चौड़ीकरण के लिए कवायद शुरू की थी। जिले में वजीरगंज के पास रामसर साइट में शुमार पार्वती अरगा पक्षी विहार की वजह से वन विभाग से पर्यावरणीय एनओसी भी मांगी गई थी। लेकिन बर्ड सेंचुरी होने की वजह से इसमें पेच फंस गया। इसके बाद एलाइनमेंट बदलने पर भी चर्चा हुई थी।
अयोध्या रिंग रोड से जुड़ेगा प्रस्तावित हाईवे: एनएच अयोध्या डिवीजन के एक्सईएन के मुताबिक केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने गोंडा-अयोध्या हाईवे को सिक्सलेन करने के लिए नए सिरे से कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। गोंडा के लिए बनने वाला सिक्सलेन हाईवे अयोध्या रिंगरोड से जुड़ेगा। साथ ही यह सुविधानुसार मौजूदा अयोध्या हाईवे के दोनों से होकर गुजरेगा। उन्होंने कहा कि हाईवे ग्रीनफील्ड होगा यानि खेतों से होकर गुजरेगा। वहीं, गोंडा के पास पूर्वी रिंग रोड से जुड़ेगा। साथ ही हाईवे पार्वती अरगा पक्षी विहार से निर्धारित दूरी से होकर निकाला जाएगा। हाईवे के निर्माण में आने वाली दुश्वारियों को देखते हुए यह फैसला किया है। इससे अयोध्या रोड पर पड़ने वालों बाजारों में तोड़फोड़ से काफी हद तब बचा जा सकेगा। माना जा रहा है कि प्रस्तावित सिक्सलेन की कार्ययोजना तैयार होने के बाद पूर्वी रिंग रोड के साथ ही इसे मंजूरी मिलेगी।
वर्जन..
गोंडा-अयोध्या हाईवे को निर्माण के लिए नागपुर की कंपनी सर्वे कर रही है। कंपनी को अगले हफ्ते तक रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देशों के मुताबिक इसे सिक्सलेन का किया जाना है। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
-एसके मिश्रा, एक्सईएन एनएच डिवीजन अयोध्या
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।