Gonda News: बच्चों के इंतजार में पोषण पुनर्वास केंद्र, एक बच्चा ही भर्ती
Gonda News: गोण्डा के बाबू ईश्वर शरण अस्पताल परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में दस में से नौ बेड खाली हैं। सोमवार को एक बच्चा भर्ती हुआ, जबकि इससे पहले दो दिन तक वार्ड पूरी तरह खाली था। केंद्र में दवा, पोषक आहार, खेलने की सुविधा और स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था है। चिकित्सक ने बच्चों की कम भर्ती को कर्मचारियों के आंदोलन से जोड़ा।

Gonda News: गोण्डा, संवाददाता। बाबू ईश्वर शरण अस्पताल परिसर में स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र सूना पड़ा है। मात्र एक बच्चा ही वार्ड में भर्ती हैं। शेष नौ बेड बच्चों का इंतजार कर रहे हैं । दो दिन तक तो केंद्र एकदम से खाली था, सोमवार को एक बच्चा भर्ती हुआ है। पोषण पुनर्वास से जुड़े जिम्मेदार बच्चे भर्ती न होने का कारण कर्मचारियों के आंदोलन से जोड़कर देख रहे हैं। जिले के कुपोषित बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए बाबू ईश्वर शरण अस्पताल परिसर में पोषण पुनर्वास केंद्र बनाया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चिन्हित कुपोषित बच्चों को यहां भर्ती के लिए भेजना होता है। पुनर्वास केंद्र में दस बेड़ का वार्ड बनाया गया है। बाहर बच्चों को खेलने के लिए भी झूला भी लगाया गया है। यहां भर्ती होने वाले बच्चों को दवा के साथ ही पोषक आहार की भी व्यवस्था की गई है। बच्चों को उनके खाने के लिए खास मीनू के अनुसार खाने की व्यवस्था रहती है। सारी सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद भी पुनर्वास केंद्र खाली है। दस बेड़ के सापेक्ष वार्ड में मात्र एक बच्चा ही भर्ती है।
केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाएं
एक चीनी मिल ने पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों की सुविधाओं के लिए कई व्यवस्थाएं कराईं हैं। बच्चों को खेलने के लिए झूला आदि के साथ ही शुद्ध पानी पीने के लिए व्यवस्थाएं कराई गईं हैं। यहां आने वाले बच्चों को लगभग दो सप्ताह तक भर्ती रखा जा सकता है। भर्ती के दौरान उनके लिए पोषक आहार के साथ दवा की भी व्यवस्था रखी जाती है। इसके लिए बाकायदा एमबीबीएस डाक्टर के साथ ही स्टाफ नर्सों तक की तैनाती की गई है, आधा दर्जन स्टाफ भी है, जो चौबीस घंटे कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखता है।
बच्चों की कम भर्ती पर चिकित्सक का बयान
-डॉ. एके त्रिपाठी, चिकित्सक पोषण पुनर्वास केंद्र ने कहा कि पोषण पुनर्वास केंद्र में सोमवार को एक बच्चा भर्ती हुआ है, इससे दो दिन पहले से पूरा वार्ड खाली था। कर्मचारियों के आंदोलन के कारण इस समय बच्चे कम आ रहे हैं। नौ बेड खाली पड़े हुए हैं। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या घटती-बढ़ती रहती है।

