हड्डी वार्ड के बाद प्लास्टर कक्ष भी नई बिल्डिंग में शिफ्ट करने की तैयारी
गोण्डा मेडिकल कॉलेज में हड्डी रोग विभाग की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। कोविड बिल्डिंग से हड्डी वार्ड को अस्पताल ब्लॉक में शिफ्ट किया गया है। प्लास्टर कक्ष को भी नई बिल्डिंग में स्थानांतरित करने की योजना है। मरीजों को सुविधाएं देने के लिए प्रशासन विचार कर रहा है।

गोण्डा, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज में हड्डी रोग विभाग की व्यवस्थाओं में लगातार बदलाव किया जा रहा है। हाल ही में हड्डी वार्ड को कोविड बिल्डिंग से अस्पताल ब्लॉक में शिफ्ट किया गया है। अब मरीजों की सुविधा को देखते हुए प्लास्टर कक्ष को भी नई बिल्डिंग में स्थानांतरित करने की तैयारी है। इस संबंध में अधिकारियों के स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। बताया जाता है कि कुछ समय पहले हड्डी वार्ड में चूहों की मौजूदगी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे थे। इसके बाद हड्डी वार्ड को पहले अस्थायी रूप से कोविड बिल्डिंग में और फिर अस्पताल ब्लाक की नई बिल्डिंग में स्थानांतरित किया गया है ।
वर्तमान में हड्डी वार्ड नई बिल्डिंग में संचालित हो रहा है, जबकि प्लास्टर कक्ष अभी भी पुरानी बिल्डिंग में ही बना हुआ है। इस स्थिति के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को जांच, परामर्श और प्लास्टर कराने के लिए पुरानी और नई बिल्डिंग के बीच कई बार आना-जाना पड़ता है। विशेष रूप से दुर्घटना में घायल और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ओपीडी के आसपास या हड्डी रोग विभाग के निकट ही प्लास्टर कक्ष स्थापित करने की संभावना पर विचार कर रहा है। यदि यह कवायद सफल होती है तो मरीजों को एक ही परिसर में सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। लोगों का मानना है कि प्लास्टर कक्ष के स्थानांतरण से हड्डी रोग विभाग की सेवाएं और अधिक व्यवस्थित व मरीजों के लिए सुविधाजनक हो जाएंगी। इस संबंध में सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन परिवर्तन किए जा रहे हैं। मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिफ्टिंग को लेकर विचार - विमर्श चल रहा है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


