Gonda News: घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, जोड़े जाएंगे छूटे मतदाता: डीएम
Gonda News: गोण्डा में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि मतदाता सूची में छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए घर-घर सत्यापन कर फॉर्म-6 भरवाए जा रहे हैं। जिले में 2,879 मतदान स्थलों का प्रस्ताव भेजा गया है। ईवीएम-वीवीपैट की जांच जारी है और सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

Gonda News: गोण्डा, संवाददाता। विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण, ईवीएम-वीवीपैट की जांच और मतदान केंद्रों की व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन बीते 10 अप्रैल को कराया जा चुका है। इसके अलावा 2879 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए आयोग को भेजा गया है। डीएम ने कहा कि अब मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
बूथ लेवल अधिकारी घर-घर सत्यापन कर फॉर्म-6 भरवाएंगे। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता और आयु संबंधी त्रुटियों को भी दूर किया जाएगा। आगामी चुनाव के लिए ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच 29 सितंबर से जारी है। जिले में 6758 बैलेट यूनिट, 4422 कंट्रोल यूनिट और 4324 वीवीपैट उपलब्ध हैं। सभी पार्टियों के जनप्रतिनिधियों के समक्ष एफएलसी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इनमें बीयू 4175,सीयू 4175 और वीवीपैट 4175 मशीनों की जांच प्रस्तावित है। 11 अक्तूबर तक क्रमश 2590 बैलेट यूनिट, 2593 कंट्रोल यूनिट और 2564 वीवीपैट की जांच की जा चुकी थी। रिपोर्ट के अनुसार 2430 मशीनें सही मिलीं, जबकि तीनों श्रेणियों में क्रमश, 160, 163 और 134 मशीनें जांच में खारिज हुई। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। तीन रिटर्निंग अधिकारियों का निर्वाचन आयोग में प्रशिक्षण भी हो चुका है।-प्रियंका निरंजन,डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर सत्यापन कर फॉर्म-छह भरवाए जा रहे हैं। ईवीएम-वीवीपैट की जांच और अन्य चुनावी तैयारियां भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी हैं।

