ई-बीएलओ एप पर करें ज्यादा काम, मिलेगी प्रोत्साहन राशि
Gonda News - गोण्डा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य तेजी से चल रहा है। बीएलओ को ई-एप पर प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस नई पहल से मतदाता नामों में संशोधन,...

गोण्डा। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य तेजी से किया जा रहा है। पहली बार राज्य निर्वाचन आयोजन ई-एप पर सबसे ज्यादा डाटा फीडिंग करने वाले जिले के बीएलओ को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगा। विभागीय जानकारी के मुताबिक जिले की चारों तहसीलों में 1633 बीएलओ कार्य कर रहे हैं। सभी बीएलओ को ऑनलाइन डाटा फीडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ घर घर जाकर नए मतदाता का नाम सूची में शामिल करने और विवाहित महिलाओं और मृतक के नामों का विलोपित कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं के नामों में त्रुटियां दूर की जा रही हैं।
इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने नई पहल शुरू की है। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अब सिर्फ घर-घर जाकर मतदाता फार्म भरने तक सीमित नहीं रहेंगे। बल्कि उनके काम का मूल्यांकन भी ई-एप के जरिए किया जाएगा। जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को अब 10 हजार दूसरे स्थान पर आठ हजार और तीसरे स्थान पर छह हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। क्या है ई-बीएलओ एप: ई-बीएलओ एप के जरिए मतदाताओं के नाम जुड़ने, संशोधन होने और डुप्लीकेट एंट्री हटाने जैसे कार्य ऑनलाइन दर्ज होते हैं। बीएलओ को हर आवेदन और सत्यापन का रिकॉर्ड एप में अपलोड करना होता है। इससे न सिर्फ पारदर्शिता आती है बल्कि हर बीएलओ के काम की निगरानी भी आसानी से हो जाती है। बीएलओ अरविंद मिश्रा, संतोष कनौजिया, लैस बिहारी सिंह का कहना है कि इस पहल से काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे में 10 हजार रुपये का इनाम उन्हें मेहनत और लगन से काम करने का हौसला देगा। वहीं कुछ का मानना है कि डिजिटल एप से काम आसान तो हुआ है, लेकिन कई बार नेटवर्क और तकनीकी दिक्कतों की वजह से समस्या भी आती है। कोट... राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से यह कदम बीएलओ को और ज्यादा प्रेरित और जिम्मेदार बनाने के लिए उठाया गया है। जिस बीएलओ का बूथ जिले में नंबर वन आएगा उसे पुरस्कृत किया जाएगा। इससे प्रतिस्पर्धा की भावना भी बढ़ेगी और मतदाता सूची का काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा। - नारायण सहायक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




