केवाईसी कराकर पर्ची लाइए तभी मिलेगी रसोई गैस

Mar 08, 2026 11:02 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोंडा
share

Gonda News - गोंडा में घरेलू रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं को अब केवाईसी और बुकिंग प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। बिना बुकिंग की पर्ची गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले बिना बुकिंग भी सिलेंडर मिल जाता था, लेकिन अब वितरण में देरी हो रही है।

केवाईसी कराकर पर्ची लाइए तभी मिलेगी रसोई गैस

गोण्डा, संवाददाता। जनपद में अब घरेलू रसोई गैस लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहले केवाईसी और बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। एजेंसियों की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि बिना बुकिंग की पर्ची के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इसके चलते कई उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और उन्हें सिलेंडर मिलने में देरी का सामना करना पड़ रहा है। होली से पहले तक शहर में कई जगहों पर उपभोक्ताओं को बिना बुकिंग के भी गैस सिलेंडर मिल जाता था। छोटे-छोटे प्वाइंटों और दुकानों से लोग आसानी से सिलेंडर ले लेते थे, लेकिन अब एजेंसियों ने सख्ती बढ़ा दी है।

वर्तमान व्यवस्था के तहत पहले गैस बुकिंग करानी होगी और उसके बाद 24 से 48 घंटे के भीतर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस बदलाव के बाद से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।रविवार को शहर के आईटीआई मैदान में घरेलू गैस का वितरण कर रहे एक डिलीवरी मैन ने बताया कि एजेंसी से साफ निर्देश दिए गए हैं कि केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जाए जिनके पास बुकिंग की पर्ची है। बिना पर्ची सिलेंडर लेने पहुंचे कई लोगों को वापस लौटना पड़ा। कई लोगों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का असर गैस आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। हालांकि इसे सीधे तौर पर किल्लत नहीं कहा जा सकता, लेकिन आपूर्ति वाहनों की संख्या कम होने से वितरण प्रभावित हो रहा है। शहर में ही उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने के बाद करीब चार से पांच दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।केवाईसी के लिए एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़: होली के बाद गैस मिलने में आ रही दिक्कत के चलते उपभोक्ता एक बार फिर एजेंसियों पर केवाईसी कराने के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को बस अड्डा के पास स्थित एक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की काफी भीड़ देखी गई। कैथोला निवासी छोटकऊ दूबे ने बताया कि पहले छोटी दुकानों पर भी आसानी से गैस सिलेंडर मिल जाता था, लेकिन अब बुकिंग और पर्ची की अनिवार्यता से परेशानी बढ़ गई है। वे केवाईसी कराने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। इस संबंध में एजेंसी प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि गैस वितरण में किसी प्रकार की किल्लत नहीं है। उपभोक्ताओं को केवल नियम के अनुसार पहले बुकिंग करानी होगी। बुकिंग के 24 घंटे के भीतर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।