रसोई गैस के लिए सुबह से कतारें, उपभोक्ता बेहाल
Gonda News - उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रसोई गैस की किल्लत जारी है। उपभोक्ता लंबी कतारों में खड़े हैं और कई लोग सिलेंडर मिलने में असफल हो रहे हैं। गैस खत्म होने के कारण लोग लकड़ी और कोयले का उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। अधिकारी स्थिति को सामान्य करने का आश्वासन दे रहे हैं।
गोण्डा,संवाददाता। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रसोई गैस की किल्लत थमने का नाम नहीं ले रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उपभोक्ता परेशान हैं और एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। सोमवार सुबह आठ बजे से ही स्टेशन रोड स्थित शिवम गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। कई उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। स्टेशन रोड पर रहने वाले शताशु शर्मा का कहना है कि उन्होंने सात दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं हुई। मजबूरी में उन्हें रोज एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
वहीं फिरोजपुर तरहर के शंकर लगातार तीन दिनों से एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लग रही है। उनका कहना है कि “हर दिन उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन सिलेंडर खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है।”गैस संकट का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखने लगा है। जिन घरों में रसोई गैस खत्म हो चुकी है, वहां लोग लकड़ी और कोयले का सहारा लेने को मजबूर हैं। अचानक बढ़ी मांग के चलते लकड़ी और कोयले के दाम भी बढ़ गए हैं, जिससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसियों पर पर्याप्त पारदर्शिता नहीं है और सिलेंडर वितरण व्यवस्था ठीक नहीं चल रही है। कई लोगों ने कालाबाजारी की आशंका भी जताई है। वहीं संबंधित विभाग का कहना है कि आपूर्ति को सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। फिलहाल हालात यह हैं कि गैस सिलेंडर के लिए लोगों को रोज कतार में खड़ा होना पड़ रहा है और राहत के आसार दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं।डीएसओ दिनेश प्रताप सिंह कहते हैं कि पर्याप्त लोड आ रहे है, जल्द समस्या दूर। होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


