करनैलगंज में धू-धूकर जली बाइक, चपेट में आई किराना दुकान में लाखों का नुकसान
Gonda News - करनैलगंज में एक बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने पास की किराना दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन बाइक और दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है।

करनैलगंज (गोंडा) , संवाददाता। कोतवाली के निकट मंगलवार की देर रात दुकान के सामने टीन शेड के नीचे खड़ी एक बाइक में लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से पास की किराना दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई, वहीं दुकान में रखा सामान भी जल गया। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से आग पर काबू पाया गया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, करनैलगंज तहसील मोड़ स्थित चौरसिया किराना एवं पूजन भंडार के मालिक ने रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी।
रात करीब 8:30 बजे बाइक से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, तेज हवा के झोंकों ने आग को विकराल बना दिया। चंद मिनटों में ही आग ने दुकान के अंदर रखे पूजन और किराने के सामान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय युवाओं के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि आग चौरसिया किराना स्टोर के मालिक की बाइक में लगी थी। जिससे दुकान का आधा हिस्सा जल गया है। पीड़ित पक्ष द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बाइक में आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


