हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
Gonda News - गोंडा-बलरामपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
मेहनौन (गोंडा), संवाददाता। गोंडा-बलरामपुर हाईवे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को बगाही गांव मोड़ के पास जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में गोंडा-बलरामपुर हाईवे पर दोनों बाइक सवार अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बगाही गांव के मोड़ के पास उनकी बाइक को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि दोनों सवार हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और बाइक दूर सड़क पर जा गिरी।
वहीं,टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क पर खून से लथपथ दोनों घायलों को देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बिना समय गंवाए एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक पहुंचाया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित चिकित्सकों ने दोनों की जांच की। गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गोंडा के राधेपुरवा निवासी द्वारिका ( 36 ), पुत्र रामसेवक के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे घायल का उपचार जारी है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।द्वारिका की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। घर में मातम पसरा है और परिजन शोक में डूबे हैं।घटना की सूचना मिलते ही इटियाथोक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि भागे हुए वाहन चालक की पहचान की जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


