Gonda News: योगी से हाथों सम्मानित शिक्षक के स्कूल पहुंचने पर बच्चों ने बरसाए फूल
Gonda News: गोकुला स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक सुमित मित्र पाण्डेय का राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने के बाद बच्चों ने भावुक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सभी का है और बच्चों में शिक्षा व संस्कार भरना ही उनका जीवन का उद्देश्य है। इस समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

Gonda News: आरती, तिलक और पुष्पवर्षा से हुआ गोकुला के प्रधानाध्यापक का अभिनंदन -भावुक हुए सुमित मित्र बोले, बच्चों में शिक्षा व संस्कार भरना ही जीवन का संकल्प
समारोह का आरंभ
नवाबगंज (गोंडा) संवाददाता। गोकुला स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब राज्य के सर्वोच्च शिक्षक सम्मान राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमित मित्र पाण्डेय पहली बार स्कूल पहुंचे। अपने गुरु के सम्मान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय के गेट से लेकर परिसर तक छात्र-छात्राओं ने कतारबद्ध होकर अपने प्रधानाध्यापक का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानाध्यापक का अभिनंदन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों राज्य अध्यापक पुरस्कार से अलंकृत होकर विद्यालय पहुंचे सुमित मित्र पाण्डेय के स्वागत के लिए शिक्षक संघ के पदाधिकारी और साथी शिक्षक पहले से ही स्कूल के मुख्य द्वार पर फूल-माला लेकर मौजूद थे। उनके विद्यालय पहुंचते ही शिक्षकों ने फूल-माला से उनका अभिनंदन किया। थाना नवाबगंज के एसओ अभय सिंह ने भी कंधे पर शाल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद छात्राओं ने अपने प्रधानाध्यापक के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारकर उनका स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। विद्यालय परिसर में दोनों ओर बच्चे हाथों में गुलाब की पंखुड़ियां लेकर कतारबद्ध खड़े रहे और जैसे ही प्रधानाध्यापक ने जैसे ही स्कूल में प्रवेश किया बच्चों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। गुरु के सम्मान में बच्चों की ओर से किए गए इस आत्मीय स्वागत ने पूरे वातावरण को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया।
प्रधानाध्यापक का विचार
बच्चों के स्नेह और सम्मान से भावुक हुए प्रधानाध्यापक सुमित मित्र पाण्डेय ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि विद्यालय के बच्चों, अभिभावकों और साथी शिक्षकों का भी है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार और बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करना ही मेरे जीवन का संकल्प है। इस दौरान शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुशील पाण्डेय, महामंत्री प्रदीप सिंह, शिक्षक विवेक त्रिपाठी, शिवम श्रीवास्तव, धर्मेंद्र तिवारी, जयचंद्र वर्मा, अशोक यादव समेत दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे। विद्यालय में हुए इस सम्मान समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा की खूबसूरत तस्वीर पेश की और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा रही।


