Gonda News: उमरी फीडर में 7.13 करोड़ का राजस्व लॉस, वसूली महज 15 लाख
Gonda News: उमरी विद्युत फीडर पर उच्चाधिकारियों ने हाई रेवेन्यू लॉस के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। अवर अभियंता को नोटिस जारी कर चेकिंग और वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। 19 अगस्त 2026 तक लगभग 7.13 करोड़ रुपये का राजस्व लॉस हुआ था। विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Gonda News: उमरी बेगमगंज, संवाददाता। उमरी विद्युत फीडर पर बढ़ते हाई रेवेन्यू लॉस को लेकर बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, देवीपाटन क्षेत्र के मुख्य अभियंता (वित्त) यदुनाथ यथार्थ ने बेलसर विद्युत उपखंड के अवर अभियंता अमोद कुमार को नोटिस जारी कर फीडर पर राजस्व वसूली और चेकिंग अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई है। 21 अगस्त को जारी नोटिस में कहा गया है कि उमरी फीडर पर हाई रेवेन्यू लॉस को कम करने के लिए लगातार चेकिंग और राजस्व वसूली अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 19 अगस्त 2026 तक फीडर पर करीब 7.13 करोड़ रुपये का राजस्व लॉस होने के बावजूद महज 15 लाख रुपये की राजस्व वसूली हो सकी।
विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही जारी रहने पर संबंधित और अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। नोटिस में दिए गए आंकड़ों के अनुसार उमरी फीडर पर कुल 6,928 बिल योग्य उपभोक्ताओं में से 6,501 के बिल किए जा चुके हैं। वहीं 1,211 उपभोक्ताओं पर करीब 3.14 करोड़ रुपये की बकाया राशि दर्ज है। इसके अलावा लंबे समय से भुगतान न करने वाले 1,031 उपभोक्ताओं पर करीब 1.64 करोड़ रुपये की धनराशि बकाया बताई गई है। इस कठोर निर्देश पर रविवार को अधिशासी अभियंता उदय प्रताप सिंह तथा उपखंड अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पूरी टीम के साथ उमरी क्षेत्र के बाजारों में सघन अभियान चलाया। नोटिस में मीटरों की जांच, नए कनेक्शन, स्टोर रीडिंग, लोड बढ़ोतरी तथा बकायेदार उपभोक्ताओं के संयोजन काटने जैसी कार्रवाई में भी तेजी लाने को कहा गया है। वहीं विजिलेंस विभाग ने आकस्मिक जांच करके रामनरेश बाबा कुट्टी उमरी, नीरू पुत्र प्रयाग दत्त शिवागंज, देवकीनंदन शुक्ला डिक्सिर, जय मां विंध्यवासिनी सेवा संस्थान सेमरी कला, राम शंकर पुत्र चंदूलाल, जगराम पुत्र राम अवतार, जाकिर हुसैन पुत्र हजरत अली वह अन्य दो के विरुद्ध चोरी से बिजली जलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। अवर अभियंता ने बताया कि राजस्व प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है। चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।


