बच्चों के विवाद में घायल बुजुर्ग की मौत
नवाबगंज में बच्चों के विवाद के चलते हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग रामनरेश निषाद की चार माह बाद इलाज के दौरान अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। बेटे ने गांव के आधा दर्जन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

नवाबगंज, संवाददाता। बच्चों के विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की घटना के साढ़े चार माह बाद इलाज के दौरान अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। बेटे ने गांव के आधा दर्जन लोगों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। क्षेत्र के दुल्लापुर निवासी विक्रम ने बताया कि बीते सात दिसंबर के सुबह बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर गांव के फूलचंद, दिलवास, राजकरन, शिवकरन, मुन्ना, शनी निषाद व दिलीप निषाद एकजुट होकर उनके दरवाजे पर चढ़ आए थे। आरोपियों ने अपशब्द कहते हुए लाठी-डंडा, रॉड व फरसा से हमला कर दिया था।
हमले में उसे पिता रामनरेश निषाद (65) समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। शोर सुनकर बचाव करने पहुंचे परिवार की कौशल्या देवी, दुर्गा देवी, सत्यनारायण और विशाल उर्फ शिवम को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। घटना में कई लोगों के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि एक का हाथ भी टूट गया। इस मामले में बीते 28 दिसम्बर को पुलिस ने तहरीर के आधार सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पीड़ित विक्रम ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहीं गंभीर रूप से घायल रामनरेश का बीते चार माह मे अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया गया। कुछ दिन पहले अयोध्या के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान गुरुवार के रात में उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि इस मामले में मार-पीट की प्राथमिकी पहले से दर्ज है। मृतक के बेटे ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


