Gonda News: घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला, दुकान खोलने की रंजिश में वारदात
Gonda News: बेलसर के निहालपुर गांव में 65 वर्षीय बच्चाराम पासवान पर एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला किया। हमला पिछले दिनों गांव में खोली गई उनकी दुकान के रंजिश के कारण हुआ। बच्चाराम गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।

Gonda News: बेलसर। तरबगंज थाना क्षेत्र के निहालपुर गांव के मजरा पसियन पुरवा में सोमवार देर रात एक खौफनाक घटना सामने आई। घर के बाहर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग बच्चाराम पासवान पर गांव के ही एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के पीछे हाल ही में खोली गई एक दुकान को लेकर रंजिश बताई जा रही है। ग्राम प्रशासक विक्रम शंकर तिवारी के अनुसार, बच्चाराम सोमवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर लेटे हुए थे।
इसी दौरान आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग जुटते, आरोपी मौके से फरार हो चुका था। ग्राम प्रशासक ने बताया कि पीड़ित बच्चाराम ने हाल ही में गांव में एक छोटी सी परचून की दुकान खोली थी। गांव का ही आरोपी इस बात से उनसे रंजिश रखता था। वारदात के वक्त बच्चाराम घर पर अकेले थे। उनकी बहू मायके गई हुई थी और बेटा मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता है। आरोपी ने बुजुर्ग को अकेला पाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह रात में ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणाें की मदद से पुलिस ने तुरंत घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।


