बकरीद पर खुदा की बारगाह में झुके हजारों सिर, मांगी दुआएं

हिन्दुस्तान, गोंडा
Follow us on Google News
share

ईद उल अजहा का त्योहार गुरुवार को गोण्डा जिले में श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जिसमें लोगों ने अमन और तरक्की की दुआ मांगी। सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और पुलिस बल तैनात रहा।

बकरीद पर खुदा की बारगाह में झुके हजारों सिर, मांगी दुआएं

गोण्डा, संवाददाता। ईद उल अजहा का त्योहार गुरुवार को जिले भर में अकीदत, पाकीजगी और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। जिलेभर के ईदगाह और मस्जिदों में लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा किए। सुबह से ही लोगों का हुजूम ईदगाह की ओर उमड़ पड़ा। कुर्बानी और त्याग के इस पर्व पर शहरवासियों ने नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे की दुआएं मांगीं। शहर के पटेल नगर स्थित ईदगाह में सुबह छह बजे से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ नए कपड़ों में ईदगाह की ओर पहुंचने लगे। सुबह 8 बजे तक नजारा देखते ही बना। मौलाना मुजक्किर की इमामत में हजारों नमाजियों ने एक साथ बारगाहे इलाही में सजदे किए। सफों में बुजुर्ग, जवान और बच्चे कंधे से कंधा मिलाकर खड़े दिखे। नमाज के बाद हुए खुतबे में मौलाना ने कुर्बानी के मकसद, सुन्नते इब्राहिमी और इंसानियत का पैगाम दिया। दुआ में हजारों हाथ एक साथ उठे। इमाम ने मुल्क में अमन-चैन, रोजगार, सेहत, बेटियों की खुशहाली और दुनियाभर के मजलूमों की सलामती के लिए दुआ कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर की दूसरी मस्जिदों में भी नमाज का दौर जारी रहा। डिप्टी मस्जिद में 9 बजे, शिया मस्जिद में 10 बजे मौलाना मुंतजिर हुसैन ने नमाज अदा कराई। मस्जिद मरकज में सुबह 6:30 बजे और अंसारी मस्जिद में 6:45 बजे नमाज हुई। शहर की हर छोटी-बड़ी मस्जिद नमाजियों से खचाखच भरी रही.

ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई :

त्योहार को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। एसपी विनीत जायसवाल ने खुद फोर्स के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक और सीओ नगर आनंद कुमार राय भी मुस्तैद रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

ईद उल अजहा का त्योहार कब मनाया गया?
ईद उल अजहा का त्योहार गुरुवार को मनाया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsGonda Newsबकरीद पर खुदा की बारगाह में झुके हजारों सिर, मांगी दुआएं