Hindi NewsUttar-pradesh NewsGonda NewsDangerous Potholes Threaten Lives in Gonda Urgent Road Repairs Needed
बोले गोण्डा: सड़कें चौपट तो कैसा अभियान, चलना मुश्किल, लोग परेशान

बोले गोण्डा: सड़कें चौपट तो कैसा अभियान, चलना मुश्किल, लोग परेशान

संक्षेप: Gonda News - गोंडा जिले में विकास के साथ-साथ सड़कें चौड़ी की जा रही हैं और रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण हो रहा है। लेकिन शहर में गहरे गड्ढों की समस्या बढ़ती जा रही है, जो दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। लोग इन गड्ढों...

Fri, 24 Oct 2025 05:40 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गोंडा
share Share
Follow Us on

जिले में विकास धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है, सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण हो रहा है। लेकिन शहर की सड़कों पर संकट के बादल गहराते जा रहे हैं। गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। रात के अंधेरे में ये गड्ढे और भी खतरनाक हो जाते हैं, जहां नजर हटते ही दुर्घटना हो जाती है। गोण्डा। शहर में तेजी से बढ़ते गड्डों ने न सिर्फ रफ्तार को रोक दिया है, बल्कि लोगों की जान पर भी संकट खड़ा कर दिया है। दिन में तो किसी तरह लोग गड्डों से बच-बचाकर निकल जाते हैं, लेकिन रात का अंधेरा इन गड्डों को और खतरनाक बना देता है।

तेज रफ्तार में चलते वाहन जैसे ही किसी गहरे गड्ढे से टकराते हैं, पलभर में बड़ा हादसा हो जाता है। कई बार तो बाइक सवार गड्ढे की वजह से गिर जाते हैं, जिससे गंभीर चोटें लग जाती हैं। कार और ऑटो भी अचानक झटके से पलटने की कगार पर पहुंच जाते हैं। वहीं बारिश में पानी भरने से गड्ढे दिखते ही नहीं हैं और ई-रिक्शा और टेंपो पलट जाते हैं। हिन्दुस्तान के बोले गोंडा टीम ने शहर की विभिन्न सड़कों का जायजा लिया और लोगों से संवाद कर गड्डों से होने वाली परेशानी को जाना। जनता सड़कों पर गड्डों को भरने के साथ ही सड़कों का निर्माण चाहती है। वहीं, जो सड़कें कुछ ही दिन में बेकार हो गईं हैं। उनको बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी हो। जिससे सड़कें बेहतर बनें। लोगों ने बताया कि शहर का पहला वार्ड पंत नगर जिसको प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री गोविन्द बल्लभ भाई पंत के नाम से रखा गया। वर्तमान समय में सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे बने हुए हैं। जिस पर आए दिन हो रहे दुर्घटना से लोगों की मुसीबत और बढ़ जाती है। लोगों ने बताया कि शहर के आवास विकास कालोनी की फेज प्रथम और दो, बहराइच रोड से महादेवा ओवर ब्रिज तक, विष्णु पुरी कालोनी मार्ग, गायत्री पुरम मार्ग, मालवीय नगर की हनुमान गढ़ी रोड, महाराजगंज रोड पर लंबे समय से गड्ढे नजर आते हैं। इन सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे होने से लोगों का चलना भारी पड़ता है। लोगों ने कहा कि इन गड्डों की वजह से एक्सीडेंट होते रहते हैं। गड्डों से गाड़ियां बचाने के चक्कर में दूसरे वाहन से लोग टकरा जाते हैं, जिसके बाद टक्कर लगने को लेकर लोग आपस में भिड़ जाते हैं। लोगों में झगड़ा हो जाए तो जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। आए दिन गड्ढों के कारण कोई न कोई मामला होता ही रहता है। शहर के सुनील पांडे, अमित वर्मा, अभिनव सिंह ने कहा कि इन सड़कों को देखने के बाद शासन की मंशा पर पानी फिर रहा है, अफसरों का दावा बेमानी साबित होता है। पोस्टमॉर्टम हाउस तक सड़कें पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो चुकी हैं, जिसके कारण शव लेकर जाने वाली एम्बुलेंस फंस जाती है। इन गड्डों में मुर्दे भी हिचकोले खाते हैं। लोगों का कहना है कि इन गड्डों को जल्द भरा जाए और सड़कें बनें तो शहर की रफ्तार भी बढ़े। ये गड्ढे खतरनाक, संभलकर चलें शहर के बीएसए कार्यालय जाने वाले मार्ग पर चौराहा तक विकास भवन मार्ग से मुड़ते ही सड़क पर गड्ढे दिखने लगते हैं। वहीं, आवास विकास कालोनी के चौराहे पर पहुंचते ही गहरा गड्डा नजर आएगा। जहां सावधानी हटते ही दुर्घटना होना तय है। उधर, आवास विकास फेज प्रथम के मार्ग पर पटेल नगर वाली सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। लोगों ने कहा कि ये गड्ढे खतरनाक हैं। संभलकर चलें लोग नहीं तो हादसा होना तय है। अधिकारी दे रहे केवल कोरा आश्वासन लोगों ने बताया कि सड़कों की समस्या को लेकर संपर्क करने पर नगर पालिका के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कई इलाकों में सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। बजट मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों का यह बयान सिर्फ औपचारिकता है, क्योंकि पिछले कई महीनों से यही बयान दोहराया जा रहा है, काम शुरू नहीं हो रहा है। प्रस्तुति : रंजीत तिवारी/सच्चिदानंद शुक्ला बोले लोग ------------ खस्ताहाल सड़कों पर दो पहिया वाहन चलाने वाले युवाओं में कमर और पीठ दर्द की समस्या ज्यादा सामने आ रही है। - जगत नारायण तिवारी सड़क पर गड्ढों की वजह से कमर और गर्दन पर झटका लगता है। तेज झटकों से कमर की डिस्क खिसकने का खतरा रहता है। - रामबोध मिश्रा सड़क के गड्ढे और एक्सीडेंट लोगों को चलने से मोहताज बना रहे हैं। रीढ़ की हड्डी पर चोट लगने से कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। - माता प्रसाद सोनी शहर से करोड़ों का राजस्व हर महीने जाता है, नगर पालिका को सड़कों की बदहाली दूर करनी चाहिए। सड़कें पीपीपी मॉडल पर बनें। - दद्दू यादव बोले जिम्मेदार ---------------- शहर की टूटी सड़कों की समय-समय पर मरम्मत कराई जाती है। लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। शहर की जो भी सड़क खराब है, जल्द ही उसे भी ठीक किया जाएगा। - विशाल कुमार, ईओ/एसडीएम