Gonda News: नगर पंचायत के रघुनाथपुर में तीन माह से खुदी पड़ी सड़क, लोग परेशान
Gonda News: तरबगंज के वार्ड 15 में सड़क और नाली निर्माण कार्य में देरी होने से जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई है। बरसात के कारण रास्ता कीचड़ भरा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को कठिनाई हो रही है। समस्या के समाधान के लिए शिकायतें दर्ज की गई हैं, लेकिन अभी तक कोई उपाय नहीं किया गया है।

Gonda News: तरबगंज, संवाददाता। नगर पंचायत तरबगंज के वार्ड 15 रघुनाथपुर में लोक निर्माण विभाग से गांव के अंदर सीसी रोड और नगर पंचायत से नाली निर्माण का काम प्रस्तावित है। इसके लिए करीब तीन माह पहले पुरानी सड़क को जेसीबी से खुदवाया गया था, लेकिन उसके बाद से निर्माण कार्य ठप पड़ गया । सड़क खुदी होने और नाली न बनने के कारण गांव के बीचों बीच बरसात के कारण पानी का जलजमाव हो गया है। जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों के चलते रास्ता बदतर हो गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। छोटे बच्चे और महिलाएं इसी रास्ते से आवागमन करती हैं और काली स्थान पर पूजा-पाठ के लिए भी इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर जाना पड़ रहा है।
स्थानीय सभासद राजीव पांडेय ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष, ईओ और मुख्यमंत्री पोर्टल समेत कई जगह शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। गांव के लोग जलजमाव और कीचड़ से काफी आक्रोशित हैं। नगर पंचायत के ईओ अमरनाथ राम ने बताया कि नाली निर्माण का कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।


