परसपुर व मनकापुर के गांवों में सबसे ज्यादा डुप्लीकेट मतदाता
Gonda News - गोण्डा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के पुनरीक्षण से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। 16 विकासखंडों में 10,04,934 संभावित डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं। परसपुर और मनकापुर में सबसे अधिक डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। निर्वाचन विभाग ने सत्यापन अभियान की योजना बनाई है।

गोण्डा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के पुनरीक्षण ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सात जनवरी को जारी डुप्लीकेट वोटर रिपोर्ट के अनुसार जिले के 16 विकासखंडों की 1192 ग्राम पंचायतों में कुल 10,04,934 संभावित डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं। यह संख्या न सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। रिपोर्ट के मुताबिक परसपुर और मनकापुर ब्लॉक में डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक पाई गई है। परसपुर में 88,193 और मनकापुर में 77,140 नाम संदिग्ध श्रेणी में दर्ज हैं। इसके अलावा झंझरी, रूपईडीह, बेलसर, कटरा बाजार और वजीरगंज जैसे विकासखंडों में भी बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं।
वहीं दूसरी ओर पड़री कृपाल और मुजेहना ब्लॉक में अन्य विकासखंडों की तुलना में डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम दर्ज की गई है। पड़री कृपाल में 40,103 और मुजेहना में 50,448 डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने व्यापक सत्यापन अभियान की तैयारी की है। इसके तहत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। सत्यापन के दौरान मतदाता का वास्तविक निवास, मृत्यु, स्थानांतरण और नाम की दोहरी प्रविष्टि जैसे बिंदुओं की जांच की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर अंतिम रूप से मतदाता सूची में संशोधन किया जाएगा। डुप्लीकेट मतदाता की ब्लॉकवार स्थिति यह है : परसपुर 88,193, मनकापुर 77,140 रूपईडीह 71,359, झंझरी 69,528 बेलसर 67,710, कटरा बाजार 65,562,वजीरगंज 65,314, नवाबगंज 62,932,छपिया 61,818, तरबगंज 58,642, करनैलगंज 57,548, हलधरमऊ 56,759, बभनजोत 56,589, इटियाथोक 55,289, मुजेहना 50,448 और पड़री कृपाल में 40,103 डुप्लीकेट मतदाता हैं। कोट जिले में डुप्लीकेट मतदाताओं को चिन्हित करने को लेकर बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। बीएलओ संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं से आधार कार्ड लेकर उसकी फीडिंग करेंगे। - आलोक कुमार,एडीएम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




