Gonda News: स्टेशन रोड पर बिजली केबल में लगी आग
Gonda News: गोण्डा में सोमवार रात दुर्गामंदिर के पास बिजली के खंभे पर लगी केबल में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। स्थानीय लोगों ने विभाग की लापरवाही पर चिंता जताई और कहा कि जर्जर तारों की समय पर जांच नहीं होती है।

Gonda News: गोण्डा, संवाददाता। शहर स्टेशन रोड पर स्थित दुर्गामंदिर के पास सोमवार देर रात बिजली के खंभे पर लगी केबल में अचानक आग लग गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक आग जलती रही और आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। दूसरी ओर मंगलवार को रानी बाजार फीडर पर फाल्ट होने से लोगों को बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझना पड़ा। केबिल में आग लगने की घटना सोमवार देर रात हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खंभे पर लगी विद्युत केबल से अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते तारों ने आग पकड़ ली। सूचना पर लोग मौके पर जुट गए और वीडियो बनाते रहे।
आग के कारण महारानीगंज, घोसियाना, ददुआ बाजार, जिला अस्पताल और साहबगंज समेत कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। वही 33/11 केवी बड़गांव सबस्टेशन के इनकमिंग नंबर दो फीडर और पावर ट्रांसफार्मर नंबर दो में तकनीकी खराबी आ गई है। ददुआ बाजार और जिला अस्पताल फीडर की सप्लाई लगभग दो घंटे तक बाधित रही। बरियारपुरवा में 11000 का तार भी टूटकर गिर गया है, जिससे चार घंटे तक सप्लाई बाधित रही। स्थानीय लोगों ने विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तारों और केबलों की समय से जांच नहीं होती। बरसात में ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं। बड़ा हादसा होने से पहले तार बदले जाएं।`विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे विद्युत खंभों और टूटे तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।


