हाईवे पर घेरकर पशु व्यापारियों पर हमला, लाठी-डंडों से पीटा,एक गंभीर घायल
Gonda News - गोंडा में गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर पशु व्यापारियों पर 15 से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुरानी रंजिश के चलते हुआ यह हमला, जिसमें दोनों पिकअप वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोंडा,संवाददाता। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर उस वक्त दहशत फैल गई जब 15 से अधिक हमलावरों ने पशु व्यापारियों के दो पिकअप वाहन रोककर उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। पुरानी रंजिश में हुई इस वारदात में एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल है और दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने मामले में मकुदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला?अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी मोहम्मद जावेद गुरुवार शाम गोरखपुर के नारायनपुर पशु बाजार से छह भैंस खरीदकर दो पिकअप वाहनों से घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे जैसे ही दोनों गाड़ियां नवाबगंज के लोलपुर बाईपास के पास पहुंचीं, एक वाहन से उतरे करीब 15-16 लोगों ने आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया और लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया।
जावेद बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके भाई हसमुद्दीन और साथी फुरकान को भी चोटें आईं। हमलावरों ने दोनों पिकअप के शीशे तोड़ डाले और बॉडी को भी नुकसान पहुंचाया। आसपास के लोगों के जमा होने पर हमलावर धमकियां देते हुए फरार हो गए।कहां से शुरू हुई रंजिश?जावेद के मुताबिक बीते सोमवार को अयोध्या के सोहावल क्षेत्र के जुबेरगंज पशु बाजार में गाड़ी खड़ी करने को लेकर दशरथपुर निवासी सूरज यादव से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए सूरज, संदीप, सुरेंद्र, अतुल, धर्मेंद्र, सत्यम, पारस, राहुल, भौंदल, आशीष, बजरंगी समेत अन्य साथियों के साथ हमले को अंजाम दिया।पुलिस ने दर्ज किया मुकदमाघायल मोहम्मद जावेद को जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया है, उनका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


