कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर मंत्री को मनाया, विनोद सहनी हत्याकांड में संजय निषाद का धरना खत्म

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बर्तन व्यापारी विनोद सहनी हत्याकांड में धरने पर बैठे  मंत्री संजय निषाद को मानने के लिए डीएम जमीन पर बैठ गईं। कार्रवाई के आश्वासन के बाद संजय निषाद ने धरना समाप्त किया।

Sanjay Nishad Gonda DM Priyanka Niranjan
गोंडा में कलेक्टर दफ्तर के बाहर धरना पर बैठे राज्य सरकार के मंत्री संजय निषाद से वार्ता करतीं डीएम प्रियंका निरंजन।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के मामले में सियासी माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को लखनऊ से पहुंचे मंत्री संजय निषाद अपनी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए। कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठे मंत्री संजय निषाद को मनाने डीएम प्रियंका रंजन पहुंचीं। संजय निषाद से वार्ता के लिए जमीन बैठीं डीएम ने कड़ी कार्रवाई समेत कई आश्वासन दिए। इसके बाद संजय निषाद ने धरना खत्म किया। संजय निषाद ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

आपको बता दें कि विनोद सहनी का शव गुरुवार की देर रात करीब एक बजे एंबुलेंस से घर पहुंचा। शाम से ही परिवारीजन शव आने का इंतजार कर रहे थे। रेक्सड़िया गांव में शव पहुंचने की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिले के अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इससे गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा। पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। शुक्रवार दोपहर तक शव घर पर रखा रहा।

लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित

वहीं व्यापारी की हत्या के मामले में कथित लापरवाही और कर्तव्य में कोताही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक ने बताया कि परसपुर के थानाध्‍यक्ष उप निरीक्षक कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और आरक्षी अभिमन्यु भारती को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। कोंडरे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में तीसरे आरोपी आकाश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर विवाद

अधिकारियों बताया कि परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी साहनी (45) की शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान थी और बुधवार शाम सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया था। लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहे साहनी को चार मोटरसाइकिलों पर सवार 10 लोगों ने रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर हमला किया।

10 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने बृहस्पतिवार को बताया था कि हमलावरों ने साहनी पर कई हथियारों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। साहनी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि साहनी ने हमलावरों में से तीन की पहचान की थी। उनकी शिकायत के आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। साहनी की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsडीएम ने जमीन पर बैठकर मंत्री को मनाया, सहनी केस में संजय निषाद का धरना खत्म