एक्सीडेंट से खुला गोल्ड तस्करी का राज; पुलिस जीप से भिड़ी कार में 16 करोड़ का सोना मिला
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप में टक्कर मार दी। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को पकड़ा तो 10 किलो 26 ग्राम सोने की 10 ईंटें बरामद हुईं। सोने की कीमत 16.18 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। कस्टम विभाग जांच करेगा।

कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार थाना प्रभारी समेत सभी पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद भाग रहे दोनों युवकों को पुलिस ने पकड़कर जब कार की तलाशी ली तो उसमें सोने की 10 ईंटें निकल आईं। पुलिस के मुताबिक बरामद सोने का कुल वजन करीब 10 किलो 26 ग्राम है। इसकी भारतीय बाजार में कीमत 16 करोड़ 18 लाख चार हजार 361 रुपये से अधिक आंकी गई है। मामले की जांच अब कस्टम एवं सीमा शुल्क विभाग करेगा। अधिकारियों ने पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी से संबंधित अभिलेखों की जानकारी लेने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ की। इसके बाद कस्टम अधिकारी बरामद सोना और आरोपियों को अपने साथ लखनऊ ले गए।
कार की तलाशी में मिलीं सोने की 10 ईंटें
सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात मैं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से अपनी टीम के साथ कार से कांवड़ यात्रा ड्यूटी से लौट रहा था। किलोमीटर 171 के पास जब हम पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे पुलिस जीप डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई। सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। टक्कर मारने वाली कार में महाराजगंज निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल के पालपा जिले निवासी सरोज पंत सवार थे। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इसमें सोने की 10 ईंटें बरामद हुईं। सूचना पर तालग्राम पुलिस ने दोनों आरोपितों, कार और सोने को कब्जे में ले लिया।
सोने की कीमत 16 करोड़ से ज्यादा
सोने की बड़ी खेप मिलने की सूचना पर जीएसटी, इंटेलिजेंस, कस्टम समेत अन्य एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में तीन दिन पहले भी नेपाल से दिल्ली तक तीन सोने की ईंटें पहुंचाने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां अब तस्करी के स्रोत, नेटवर्क और दिल्ली में डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटीं हैं। एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तस्करी कर नेपाल से दिल्ली ले जाई जा रही सोने की खेप बरामद हुई थी। सोना और दोनों आरोपियों को कस्टम अफसरों के हवाले कर दिया गया है।

