
राजा भैया से पंगा लेने वाले सपा नेता गुलशन यादव का पता बताएं, इनाम पाएं, जगह-जगह पोस्टर चस्पा
प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के दुश्मन कहे जाने वाले गुलशन यादव के खिलाफ जगह-जगह पोस्टर चिपकाया गया है। इन पोस्टरों में गुलशन को एक लाख का इनामी अपराधी और भगोड़ा घोषित करते हुए पता बताने पर इनाम देने की बात कही गई है।
यूपी के बाहुबली नेता और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से पंगा लेने वाले उनके कट्टर दुश्मन कहे जाने वाले सपा नेता गुलशन यादव पर एक लाख का इनाम घोषित है। पुलिस ने उन्हें फरार घोषित किया है। इस बीच उनकी फोटो के साथ कुंडा में जगह-जगह पोस्टर चस्पा किया गया है। इन पोस्टरों पर गुलशन यादव को एक लाख का इनामी बताते हुए उनके बारे में सूचना देने और उनका पता बताने वाले को इनाम देने की घोषणा की गई है। पोस्टर किसकी तरफ से लगा है, इस बात की जानकारी नहीं दी गई है। किसने पोस्टर चस्पा कराया, यह भी नहीं पता चल सका है। पुलिस ने पोस्टर चस्पा करने से इनकार किया है। गुलशन यादव इस समय सपा के कार्यवाह जिला अध्यक्ष भी हैं।

चिपकाए गए पोस्टर में गुलशन यादव की बड़ी सी फोटो के साथ उन्हें इनामिया अपराधी बताया गया है। इसके साथ ही लिखा है कि समाजवादी पार्टी कार्यवाहक जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ भगोड़ा गुलशन यादव एक लाख का इनामी घोषित, सूचना देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा। सामान्यत: हर पोस्टर में नीचे की तरफ यह भी लिखा होता है कि किस संस्था या व्यक्ति की तरफ से पोस्टर पर संदेश दिया गया है। मुद्रक और प्रकाशक का भी नाम लिखा होता है। लेकिन इन पोस्टरों पर ऐसा कुछ नहीं है। पुलिस ने भी पोस्टर लगाने से इनकार किया है। कुंडा कोतवाल अवन कुमार दीक्षित के अनुसार पुलिस की ओर से ऐसा कोई पोस्टर कहीं नहीं लगाया गया है।
हालांकि पुलिस चाहे तो जगह-जगह लगे सीसीटीवी फुटेज से इस बात का पता लगा सकती है कि पोस्टर किसने और कब लगाया है। मामला इलाके के विधायक राजा भैया के दुश्मन और विपक्षी दल के नेता का होने के कारण पुलिस अपनी तरफ से कोई पहल करने के मूड में नहीं दिखाई दे रही है। वैसे गुलशन यादव पर हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में 53 मुकदमे दर्ज हैं। कुर्क किए गए बाग का आम बेचने के मामले में केस के बाद से गुलशन फरार हैं। एक साल से अधिक समय से पुलिस उन्हें पकड़ने में विफल रही है। गिरफ्तारी नहीं होने पर एडीजी जोन प्रयागराज द्वारा उन पर 1 लाख का इनाम घोषित किया गया है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



