2 करोड़ दो, नहीं तो पोते को मार देंगे... हापुड़ में गन प्वाइंट पर कारोबारी के घर करोड़ों का डाका

sandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, हापुड़
Follow us on Google News
share

हापुड़ में कारोबारी व एटीएमएस कॉलेज के एमडी नरेंद्र अग्रवाल के घर सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। परिवार को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर सवा किलो सोना, लाखों रुपये नकद और बाइक लूट ली। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।

2 करोड़ दो, नहीं तो पोते को मार देंगे... हापुड़ में गन प्वाइंट पर कारोबारी के घर करोड़ों का डाका

हापुड़ जिले के देहात क्षेत्र में कारोबारी और कॉलेज एमडी के घर सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया। नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया और सवा किलो सोना, लाखों की नगदी, बाइक लूटकर फरार हो गए। सूचना पर मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी मौका मुआयना किया। बदमाशों की तलाश में मेरठ रेंज से तीन और जनपद से चार टीमों का गठन किया गया है। हापुड़ के प्रमुख रियल एस्टेट कारोबारी और एटीएमएस कालेज के एमडी नरेंद्र अग्रवाल परिवार संग गढ़ रोड स्थित मोहल्ला गिरधारी नगर में रहते हैं। नीचे उनका कार्यालय है, जबकि पहली मंजिल पर घर है। नरेंद्र अग्रवाल का पोता सिद्धांत सोमवार रात दोस्त के साथ बाहर गया था। करीब 11:30 बजे वह घर लौटा। चौकीदार श्याम कुमार सेठ ने गेट खोला तो घर के पास घात लगाए चार बदमाशों ने दोनों को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया। बताया गया है कि चार में से एक बदमाश के चेहरे पर नकाब नहीं था और उनके अन्य साथी घर के बाहर मौजूद थे।

पोते को ढाल बनाकर करोड़ों के आभूषण लेकर भागे

चारों बदमाश दोनों को लेकर पहली मंजिल पर पहुंचे। बदमाशों ने वहां मौजूद नरेंद्र अग्रवाल और उनकी पत्नी सुशीला को भी बंधक बना लिया। बदमाशों ने कारोबारी के पोते को गनपाइंट पर लेकर धमकी दी कि दो करोड़ दो, नहीं तो पोते को मार देंगे। बदमाशों ने परिवार को आतंकित करने के लिए बेहद सुनियोजित और क्रूर तरीका अपनाया। परिवार के सामने पोते की जान बचाने के लिए वृद्ध दादी बदमाशों के आगे बेबस हो रही थी। वह भगवान से यहीं दुआं कर रही थी कि पोते को कुछ न हो, इसके साथ ही परिवार को किसी सदस्य को कुछ न हो। बदमाश भी अपने मंसूबों में कामयाब हो गए और मासूम को ढाल बनाकर घर से करोड़ों रुपये के आभूषण और लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए।

बदमाशों को दी सेफ की चाबी

वारदात के दौरान पोते की सुरक्षा को लेकर दादा और दादी काफी चिंतित थे। बदमाशों ने सिद्वांत को गनपाइंट पर लिया तो उसकी दादी सुशीला घबरा गई। उनके सामने उस समय सबसे बड़ी चिंता अपने पोते की जान बचाने की थी। परिवार के अन्य सदस्यों और घर पर मौजूद चौकीदार की सुरक्षा को लेकर भी वह बेहद परेशान थीं। वहीं दादा कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने बदमाशो से कहा कि दो करोड़ की एक साथ अभी कैसे व्यवस्था होगी। लेकिन बदमाश नहीं माने और मांग पूरी करने का दवाब बनाते रहे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों से उस स्थान की जानकारी मांगी जहां कैश और जेवर रखे हैं। पोते को सुरक्षित देखने की उम्मीद में बदमाशों को सेफ की चाबी दे दी।

45 मिनट तक घर में रुके बदमाश

बदमाशों की रणनीति यह भी थी कि परिवार को भयभीत कर जल्द से जल्द कीमती सामान और नकदी हासिल कर ली जाए। उन्होंने घर में रखे करोड़ों रुपये के आभूषण और नगदी समेटी और फरार हो गए। बदमाश घर में करीब 45 मिनट तक रहें। वहीं कारोबारी के यहां डकैती की सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह को बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य लोग व्यापारी के घर पहुंच गए। इसी बीच मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना के बारे में जानकारी ली।

नट खोलकर हुए मुक्त

बदमाशों के जाने के बाद चौकीदार ने किसी तरह कारोबारी की पत्नी की मदद से अपने हाथ खुलवाएं और फिर सभी को बंधन मुक्त कराया। कमरों में लगी चटनी के बोल्ट को खुलकर किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला। बदमाश कारोबारी का मोबाइल जाते समय बाहर रसोई में रख गए थे।

सामान के लिए बदमाशों का बैग भी छोटा पड़ गया

बताया गया कि बदमाश अपने साथ एक बैग लेकर आए थे। लेकिन घर में मिले करीब सवा किलो आभूषणों और नगदी को रखने के लिए उनका बैग छोटा पड़ गया था। बदमाशों ने कारोबारी से बैग मांगा और दोनों बैगों में नगदी और आभूषण रखकर फरार हो गए।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।