प्रेमिका की मां ने जान दी तो प्रेमी ने अपनी भाभी का गला रेता; जौनपुर में सनसनीखेज वारदात
जौनपुर के खुटहन क्षेत्र में गुरुवार को एक ऐसी रंजिश का खूनी अंत हुआ जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया। सुल्तानपुर निवासी एक युवक ने अपनी ही चचेरी भाभी का गला रेतकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि भाभी ने प्रेमिका की तस्वीर उसकी मां को भेज दी थी और मां ने सुसाइड कर लिया था।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रिश्तों के कत्ल की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। थाना क्षेत्र के ख्वाजापुर गांव में ननिहाल आए एक युवक ने अपनी चचेरी भाभी की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी के भीतर बदले की आग इस कदर भड़क रही थी कि उसने भरी दोपहर घर के भीतर ही इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया है।
ननिहाल में हंसी-खुशी के बीच पसरा मातम
मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के उधरनपुर गांव निवासी पवन मौर्या अपनी पत्नी निशा (35), पांच वर्षीय बेटी और चचेरे भाई आदित्य के साथ सूरत में नौकरी करते थे। 22 जनवरी को यह परिवार सूरत से कानपुर एक समारोह में शामिल होने आया था, जिसके बाद 28 जनवरी को वे सभी ख्वाजापुर स्थित पवन के ननिहाल आ गए। गुरुवार दोपहर तक घर में सब कुछ सामान्य था, हंसी-ठिठोली का माहौल था। लेकिन दोपहर में जब निशा कमरे में अकेली बैठी थी, तभी आदित्य ने अचानक चाकू से उस पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। शोर सुनकर जब तक परिजन पहुंचे, निशा खून से लथपथ तड़प रही थी और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
फोटो भेजने से शुरू हुई नफरत की कहानी
पुलिसिया पूछताछ में हत्या की जो वजह सामने आई, वह प्रेम प्रसंग और बदले की भावना से जुड़ी है। आरोपी आदित्य मुंबई निवासी एक युवती से प्रेम करता था। आदित्य की भाभी निशा को इस प्रेम प्रसंग की जानकारी हो गई थी। करीब एक माह पहले निशा ने उस युवती की तस्वीर उसकी मां को भेज दी थी। इस बात से आहत होकर युवती की मां ने 5 जनवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आदित्य को लगता था कि उसकी प्रेमिका की मां की मौत की जिम्मेदार निशा ही है। इसी "गुनाह" की सजा देने के लिए उसने निशा को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई और ननिहाल में मौका पाते ही वार कर दिया।
आस्तीन का सांप निकला देवर
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ससुर अनिरुद्ध और सास मीरा देवी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि जिस देवर के साथ निशा ने सुबह नाश्ता किया, वही उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद करने की प्रक्रिया जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें


