
सपा नेता दीपक गिरी के खिलाफ गर्लफ्रेंड ने खोला मोर्चा, मंगेतर पूनम पंडित के खिलाफ भी FIR कराई
सपा नेता दीपक गिरि के खिलाफ उसकी गर्लफ्रेंड ने मोर्चा खोल दिया है। गर्लफ्रेंड ने दीपक पर कई संगीन आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। दीपक की मंगेतर पूनम पंडित को भी आरोपी बनाते हुए धमकी देने का केस दर्ज कराया है।
सपा नेता दीपक गिरि और किसान आंदोलन से चर्चा में आईं उनकी मंगेतर कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित समेत छह लोगों के खिलाफ मेरठ के भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दीपक की मेरठ निवासी कथित गर्लफ्रेंड ने दर्ज कराते हुए जहर देने, यौन उत्पीड़न करने, बंधक बनाने, धमकी देने और ब्लैकमेल करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पूनम और दीपक की हाल में सगाई हुई है, सगाई के बाद से लगातार विवाद चल रहा है। 16 अक्टूबर को मवाना में दीपक के आवास पर पहुंचकर कथित गर्लफ्रेंड ने सगाई का विरोध करते हुए गंभीर आरोप लगाकर हंगामा किया था। मामला प्रदेश स्तर पर तूल पकड़ा, जिसके बाद दीपक को सपा ने पद से हटा दिया था, अब इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मवाना के मोहल्ला कल्याण निवासी दीपक गिरि सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष थे। दीपक के खिलाफ गंगानगर निवासी एक महिला ने एसएसपी मेरठ को शिकायत दी थी। महिला ने आरोप लगाया था 2018 में उनकी फेसबुक पर दीपक गिरि की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। इसके बाद दोस्ती हो गई और नंबर एक दूसरे को दिए। महिला का आरोप है उसे दीपक बी-ब्लॉक गंगानगर स्थित एक मकान में ले गया और कोल्ड ड्रिंक में बेहोशी की दवा देकर रेप किया। वीडियो-फोटो बना लिए और इन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल शुरू कर दिया।
महिला का आरोप है दीपक ने 50 लाख रुपये भी ठग लिए, 2021 में दीपक ने उससे आर्य समाज मंदिर में शादी कर इसे रजिस्टर्ड कर लिया था। महिला ने बताया इसी दौरान उनके अपने पति से तलाक का केस कोर्ट में डाला था। इसके बावजूद 15 अक्टूबर को दीपक ने बुलंदशहर के स्याना निवासी कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित से सगाई कर ली। महिला को आरोप है 16 अक्टूबर को वह दीपक से मिलने मवाना स्थित उसके आवास पर पहुंची तो वहां दीपक ने परिजनों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। महिला का आरोप है 2021 में गंगानगर में एक मकान लिया था, जिसमें दीपक उसके साथ रहता था। चार साल तक दीपक ने उत्पीड़न किया और 50 लाख रुपये भी हड़प लिए।
आरोप: पूनम और दीपक ने रेस्टोरेंट बुलाकर किया अगवा
महिला ने आरोप लगाया समझौते की बात कहकर 19 अक्टूबर को पूनम पंडित और दीपक ने उसे परतापुर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया। यहां बहाने से कार में बैठाकर ले गए और धमकी देकर वीडियो बनाकर फेसबुक पर डाला। वह किसी तरह बचकर निकली। महिला की तहरीर पर भावनपुर थाने में दीपक गिरि, उसके भाइयों प्रदीप गिरि और कुलदीप गोस्वामी, पिता कृष्णपाल गिरि, दीपक की मंगेतर और कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मैंने पीड़ित समझकर बात कीः पूनम पंडित
मैंने पीड़ित समझकर बात की थी। इन्होंने ही मिलने के लिए बुलाया था। दीपक से शादी के साक्ष्य दिखाने की बात की थी। एक घंटे वहां रुके थे और बिल भी इन्होंने दिया था। पेपर और फोटो नहीं दिखाए। वह कार से उतर नहीं रही थी। गाड़ी से उतार दिया था। वहां फुटेज की जांच हो सकती है। अब झूठ बोलकर मुकदमा दर्ज कराया है। मेरे पास इसके साक्ष्य भी हैं। कल भी महिला मिलने के लिए बुला रही थी। जब महिला दीपक के साथ लिव-इन में रह रही थी तो रेप की बात कहां से आ गई। ये सब मेरे राजनीतिक करियर को बर्बाद करने की साजिश है। परिवार ने ही दीपक से रिश्ता तय किया है और ये शादी नहीं टूटेगी।
विरोधी नेताओं के साथ मिलकर फंसा रहीः दीपक गिरि
मेरा परिचय संबंधित महिला से 2021 से है। महिला के कार्यालय में मेरी और छोटी भाई की कैंटीन थी। कैंटीन के टेंडर रिन्यू होने के दौरान 40 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। नहीं देने पर घर पहुंचकर हंगामा किया था। हमारे द्वारा महिला के पति को बुलाकर बात कराई गई। घटना के समय महिला के पति घर पर मौजूद थे और वीडियो में भी दिख रहे हैं। महिला साजिश कर कुछ विरोधी नेताओं के साथ मिलकर फर्जी फंसा रही है। ये सब राजनीतिक व सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का षड़यंत्र है। पुलिस प्रशासन से अपील की है एफआईआर पर जांच की जाएगी।
वहीं, एसएसपी डॉक्टर विपिन ताडा का कहना है कि महिला की तहरीर पर मुकदमा भावनपुर थाने में दर्ज कराया है, जांच चल रही है। नियमानुसार कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



