थार ने 5 साल की बच्ची को कुचला, ग्रामीणों ने काटा बवाल, गाड़ी पर फेंका ईंट-पत्थर
मुरादाबाद में रविवार शाम पांच वर्षीय बच्ची मिष्ठी को थार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने थार चालक और उसके साथी को पकड़कर पिटाई की और वाहन पर पथराव किया।

यूपी के मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के मोहल्ला घोसीपुरा में रविवार शाम पांच वर्षीय बच्ची को थार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। थार पर आजाद समाज (आसपा) नगराध्यक्ष लिखा था। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ बेकाबू हो गई। लोगों ने थार चालक और उसके साथी को पकड़कर उनकी धुनाई की और थार पर पथराव किया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेजा और भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मोहल्ला घोसीपुरा सैनी धर्मशाला के पास रहने वाले विवेक सैनी की बेटी 5 साल की बेटी मिष्ठी रविवार शाम करीब पांच बजे घर से दुकान पर खाने-पीने की चीज लेने जा रही थी। इसी दौरान पट्टीवाला की ओर जा रही थार गाड़ी ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका सिर फट गया। परिजन तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल ले गए। वहां से हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया, लेकिन मुरादाबाद ले जाते समय मिष्ठी की मौत हो गई।
हादसे के बाद बच्ची के रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। भारी भीड़ ने थार चालक और उसके साथी को घेरकर पकड़ लिया। थार वाहन पर पथराव किया गया और हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मृत बच्ची मिष्ठी की मौत के बाद माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाइक से गिरी महिला को वाहन ने कुचला, मौत
उधर, बिजनौर में सड़क पर गिरी बाइक सवार महिला को वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को परिजन साथ ले गए। दरअसल, मुरादाबाद की तहसील ठाकुरद्वारा के गांव शरीफ नगर के रहने वाले संजय शुक्रवार को अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भूतपुरी स्थित बहन की ससुराल आया था।
बहन गीता पत्नी को भूतपुरी से बाइक द्वारा घर लेकर जा रहा था। भूतपुरी से सुआवाला मार्ग पर कुछ दूर पंहुचते ही गीता बाइक से सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उसको कुचल दिया। आनन फानन में निजी चिकित्सक के पास ले गए जहां से उसको हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसको धामपुर स्थित अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई तथा परिजन शव को साथ ले गए।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



