AI से अश्लील फोटो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाली, जान से मारने की धमकी भी दी; डर के मारे छात्रा ने छोड़ा स्कूल
फिरोजाबाद में एक किशोरी की एआई से तैयार की गई फर्जी अश्लील तस्वीर इंस्टाग्राम पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने किशोरी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उस पर अश्लील तस्वीर पोस्ट की और उसे जान से मारने की धमकी दी।

UP News: यूपी के फिरोजाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल जा रही छात्रा को उसकी कुछ सहेलियों ने बताया कि उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। छात्रा को पहले उनकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एआई की मदद से बनाई गई फर्जी अश्लील तस्वीरें देखकर वह परेशान हो गई। आरोप है कि युवक ने छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी भी बना रखी थी। छात्रा ने मामले की जानकारी अपने परिवार को दी और इसके बाद स्कूल जाना बंद कर दिया। परिवार ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह छात्रा के नाम से बनी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी चला रहा था। आरोप है कि युवक छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर परेशान भी कर रहा था।
मामला जसराना थाना क्षेत्र के जाजूमई इलाके के एक गांव का है। यहां रहने वाली किशोरी एक स्कूल में पढ़ती है। रोजाना की तरह वह स्कूल जा रही थी। इसी दौरान उसकी सहेलियों ने उसे बताया कि उसके नाम से बनी एक इंस्टाग्राम आईडी पर उसकी अश्लील तस्वीर पोस्ट की गई है। यह सुनकर छात्रा असहज हो गई। सहेलियों से आईडी के बारे में जानकारी लेने के बाद उसने खुद उस अकाउंट को देखा।
इंस्टाग्राम पर एआई की मदद से बनाई अश्लील पोस्टर
छात्रा के नाम से बनाई गई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी पर उसकी एआई की मदद से तैयार की गई अश्लील तस्वीर पोस्ट की गई थी। तस्वीर देखकर छात्रा परेशान हो गई और उसने इसकी जानकारी परिवार की महिलाओं को दी। इसके बाद मामला परिवार के अन्य सदस्यों तक पहुंचा। परिवार ने इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह छात्रा के नाम से बनाई गई फर्जी आईडी है। आरोप है कि इसका संचालन कटैना हर्षा निवासी अंशुल यादव कर रहा था। परिवार के मुताबिक, आरोपी युवक इंस्टाग्राम के जरिए छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था। घटना से परेशान छात्रा ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया।
परिजनों ने थाने में दी तहरीर
परिवार के लोगों ने थाना जसराना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। वहीं, थाना प्रभारी ने जांच कराई तो छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाए जाने और उस पर उसकी अश्लील तस्वीरें पोस्ट किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी अंशुल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


