
यूपी की राजधानी लखनऊ में कैसरबाग के लालबाग इलाके में बुधवार दोपहर एक मनचले को अभद्र टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। भाई को टिफिन देने निकली एक युवती ने सड़क पर ही चप्पल निकाल ली और आरोपी को करीब पांच सौ मीटर तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। महज एक मिनट में 30 से अधिक बार युवती ने मनचले को पीटा। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भीड़ इकट्ठा होने और आरोपी के माफी मांगने के बाद युवती ने उसे छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।
पीड़िता के मुताबिक वह बुधवार दोपहर अपने भाई को टिफिन देने जा रही थी। लालबाग से ओडियन सिनेमा की तरफ जाते समय रास्ते में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने उस पर अभद्र टिप्पणी की। युवती ने पहले मौके पर ही विरोध किया, लेकिन आरोपी बाज नहीं आया। इससे गुस्साई युवती ने चप्पल उतारी और आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डरकर आरोपी भागने लगा तो युवती भी उसे दौड़ाते हुए पीटती रही। यह सिलसिला करीब पांच सौ मीटर तक चला। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए। करीब डेढ़ मिनट के अंदर आरोपी पर 30 से अधिक बार चप्पलों से वार किए गए। भीड़ बढ़ने पर आरोपी ने अपनी गलती मानी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। लोगों के बीच-बचाव और दोबारा ऐसी हरकत न करने की चेतावनी के बाद युवती ने उसे छोड़ दिया। घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में युवती को आरोपी को चप्पलों से मारते और दौड़ाते साफ देखा जा सकता है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग युवती की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।
युवती ने कहा कि उसने कैसरबाग थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई क्योंकि आरोपी को मौके पर ही सबक मिल चुका था। उसका मकसद सिर्फ इतना था कि इस वीडियो को देखकर अन्य मनचले डरें और लड़कियां अपने साथ हो रही गलत बात पर चुप न रहें। उन्होंने कहा कि अगर हम आवाज नहीं उठाएंगे तो ये लोग नहीं रुकेंगे।
कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि तहरीर आती है तो आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने और मामले की पुष्टि में भी जुटी हुई है।
Loading videos...
Loading videos...
दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।
और पढ़ें