ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गाजीपुरकरवाचौथ का व्रत आज रखेंगी महिलाएं, बाजार में दिखी रौनक

करवाचौथ का व्रत आज रखेंगी महिलाएं, बाजार में दिखी रौनक

व्रत को लेकर महिलाओं में उत्साह, ब्यूटी पार्लर पर भी पहुंची महिलाएं

करवाचौथ का व्रत आज रखेंगी महिलाएं, बाजार में दिखी रौनक
हिन्दुस्तान टीम,गाजीपुरWed, 04 Nov 2020 03:04 AM
ऐप पर पढ़ें

सुहाग की दीर्घायु की कामना को लेकर चार नवंबर को महिलाएं करवा चौथ का व्रत रखेंगी। इस पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। पर्व से एक दिन पूर्व मंगलवार को शहर के बाजारों में जहां पूजा सामग्रियों की खरीददारी होती रही, वहीं सर्राफा बाजार भी में चहल-पहल रही। संजने-सवंरने और मेंहदी रचाने के लिए शहर के ब्यूटी पार्लरों में सुबह से लेकर देर शाम तक महिलाओं के लिए आने-जाने का क्रम बना रहा। गौरतलब है कि इस पर्व पर सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर पूजा-पाठ करती हैं तथा शाम को श्रृंगार कर चलनी से पति का दीदार कर चंद्रमा को अर्घ्य देती हैं। जिले में अन्य व्रतों की तरह करवा चौथ व्रत का सिलसिला भी तेजी से बढ़ रहा है। हर वर्ष उत्साह के बीच व्रत रखने वाली महिलाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।करवाचौथ के चलते मंगलवार को देर शाम तक बाजार में भीड़ बनी रही। पूजा-पाठ की सामग्री के साथ ही कपड़ा की दुकानों पर भी खासकर महिला ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। इस मौके पर सूप, चलनी, कुशा, मिट्टी के बर्तन सहित रोली, चंदन आदि पूजा सामग्री की खरीद हुई। खासकर मिश्रबाजार के साथ ही नगर के मुहल्लों में करवाचौथ पर्व से संबंधित सामानों की दुकानें सजाई गई है। इसी प्रकार कपड़ की दुकानों पर भी साड़ी, सूट तथा अन्य प्रकार के परिधानों की बिक्री होती रही। श्रृंगार की दुकानों पर भी चूड़ी, कंगन, बिंदी और प्रसाधनों की खरीद का क्रम बना रहा। पर्व के चलते सर्राफा बाजार भी गुलजार रहा। श्रृंगार के क्रम में गहनों की बड़ी भूमिका होती है। इस मौके पर तमाम महिलाओं ने नए फैशन और डिजाइनदार गहनों की खरीददारी की। बाजार में स्थित सराफा की दुकानों पर सुबह से लेकर देर शाम तक महिला खरीददारों के आने-जाने का सिलसिला बना रहा। एक सर्राफा व्यवसाई ने बताया कि सोने के कम, लेकिन चांदी तथा अन्य मेटल के गहनों की ठीक-ठाक बिक्री हुई। बताया कि बढ़ती महंगाई का असर देखा गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें