पति और सास पर कराया दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा
गाजीपुर के पलिया गांव की सुषमा कुमारी ने अपने पति और सास पर दहेज मांगने, प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुषमा के अनुसार, दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

गाजीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के पलिया गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और सास पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सुषमा कुमारी ने तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2019 में रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव निवासी अनिल राजभर के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और सास अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और सोने की अंगूठी की मांग करने लगे।
मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। 2 मार्च 2026 की रात पति और सास ने दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट की, उसके आभूषण छीन लिए और बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद जब वह अपनी मां के साथ पलिया जा रही थी, तभी दिलदारनगर बाजार स्थित अरंगी चट्टी के पास पति अपने एक साथी के साथ पहुंच गया और बच्चे को छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


