Ghazipur News: मतदाताओं के लिए सहूलियत के लिए बढ़े दो मतदेय स्थल, 3335 बूथ पर मतदान
Ghazipur News: गाजीपुर में आगामी चुनावों के लिए मतदान स्थलों का पुनर्गठन किया गया है। 1200 मतदाताओं की संख्या के मानक पर, 3335 नए मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि मतदाता को अपने मतदान स्थल तक 2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

Ghazipur News: गाजीपुर, संवाददाता। जनपद में आगामी चुनावों को लेकर मतदाताओं की सहूलियत और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के युक्तिकरण और सम्भाजन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रायफल क्लब में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें 1200 मतदाताओं के मानक पर मतदेय स्थलों के पुनर्गठन प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के बाद सहमति बनी। साथ इसकी दो किमी से अधिक दूरी नहीं होगी। वहीं सभी बूथ भूतल पर बने है। अब कुल 3335 बूथों की स्वीकृति के लिए भारत निर्वाचन आयोग को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अत्यधिक पुराने और जर्जर भवनों में संचालित होने वाले मतदेय स्थलों को उसी क्षेत्र के सुरक्षित और स्थायी सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही यह विशेष ध्यान रखा गया है कि किसी भी मतदाता को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक की दूरी तय नहीं करनी पड़े। भूतल पर मतादाता बनने से वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं को भी कोई असुविधा नहीं होगी। इसके अलावा सभी केंद्रों पर एएमएफ (न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं) जैसे रैम्प, पेयजल, शौचालय, बिजली, छांव (शेड) और फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाएगी。
मतदेय स्थलों का पुनर्गठन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भौतिक सत्यापन और सघन सर्वे के बाद जिले में कुल 2 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं, जहाँ मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक हो गई थी। वहीं दूसरी ओर, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 1200 से कम मतदाता होने के कारण 45 ऐसे मतदेय स्थलों को दूसरे बूथों में समायोजित (मर्ज) कर दिया गया है। इस पुनर्गठन के तहत वर्तमान में संचालित कुल 3378 मतदेय स्थलों की संख्या में कुल 45 बूथों की कमी हो जाएगी। साथ ही 02 बूथ बढ़ाये गये है। अब जनपद में कुल प्रस्तावित मतदेय स्थलों की संख्या 3335 हो गयी। जिसकी अंतिम पुनर्गठन प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भारत निर्वाचन आयोग को भेजा गया है।
मतदाता सुझावों की स्वीकृति
जनप्रतिनिधियों से प्राप्त कुल 47 प्रस्तावों का बारीकी से परीक्षण किया गया। इनमें से आयोग की गाइडलाइंस के अनुरूप पाए गए 10 महत्वपूर्ण सुझावों को स्वीकृति दी गयी। इसके अलावा भौतिक सत्यापन के बाद जर्जर घोषित हो चुके 41 मतदेय स्थलों को स्थानांतरित कर दिया गया है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान, राजन प्रजापति, कार्यालय मंत्री भाजपा, राजेश यादव जिला सचिव सपा, आदित्य कुशवाहा जिला महासचिव, संदीप विश्वकर्मा, शहर अध्यक्ष, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, नागेंद्र शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी आम आदमी पार्टी, देवी प्रसाद सिंह सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।


