दो गांवों में हुई मारपीट में 53 पर केस दर्ज
Ghazipur News - दिलदारनगर में होली के दौरान केशरूआ और सरैला गांवों में दो अलग-अलग मारपीट की घटनाएं हुईं, जिसमें 53 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पहली घटना 3 मार्च को पुरानी रंजिश के कारण हुई, जबकि दूसरी घटना 4 मार्च को होली जुलूस के दौरान हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की है।

दिलदारनगर, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के केशरूआ और सरैला गांव में होली के दौरान हुई मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में कुल 53 नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात है। पहली घटना तीन मार्च को केशरूआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। होली के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में थे और कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। सूचना पर ताजपुर कुर्रा चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने संजय बिंद, आकाश, विकास, चंदन, रामविलास समेत 25 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दूसरी घटना चार मार्च की रात सरैला गांव में होली के जुलूस के दौरान हुई है। आरोप है कि साउंड बॉक्स पर गाना बजाते हुए जुलूस जब डॉ. प्रेमचंद के घर के पास पहुंचा, तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां आ गए और विवाद बढ़ गया। इस दौरान जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से मारपीट की गई, जिससे अफरातफरी मच गई। मारपीट में राजकुमार, अतवारी देवी और सोनिया समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित घुरा राम की तहरीर पर पुलिस ने जावेद, सद्दाम, गब्बर समेत 28 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दिलदारनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों मामलों की जांच उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दोनों गांवों में दबिश दे रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


