पुरानी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, कई घायल
Ghazipur News - दिलदारनगर के चित्रकोनी गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में कई लोग घायल हो गए और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे के दरवाजे पर हमला किया, जिसके बाद मारपीट और पत्थरबाजी हुई।

दिलदारनगर । दिलदारनगर थाना क्षेत्र के चित्रकोनी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गये। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार चित्रकोनी निवासी अजीम अहमद खान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पांच मई की रात में गांव के कुछ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और वहां खड़ी उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई।
आरोप है कि अगले दिन सुबह जब वह थाने जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी लेकर उनके दरवाजे पर पहुंच गये और हमला कर दिया। मारपीट में अजीम अहमद खान समेत उनके भाई फहीम खान और गुफरान खान घायल हो गये। बीच-बचाव के दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर भी चले, जिसमें दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आने की बात कही जा रही है। घटना के बाद घायल पक्ष ने थाना दिलदारनगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।.
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


