
टेंट हाउस संचालक पर हमला करने आए तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने पीटा
Ghazipur News - कठवामोड़ में तीन बाहरी बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला किया। ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़कर उनकी पिटाई की और बिजली के खम्भे से बांध दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। बदमाशों से पूछताछ में एक पिस्टल होने की बात भी सामने आई है।
कठवामोड़, हिन्दुस्तान संवाद। गांव में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन बाहरी बदमाशों को रविवार सुबह ग्रामीणों ने दबोच लिया और उनकी जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें बिजली के खम्भे से बांध दिया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने बदमाशों की दो स्कार्पियो को भी ईंट-पत्थर से कूंचकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बवाल की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात को काबू में लाने के लिए काफी बीच बचाव किया, इसके बाद पकड़े गए बदमाशों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले आई। गाड़ी में बैठाने के दौरान भी आक्रोशित ग्रामीणों ने तीनों बदमाशों को पुलिस की मौजूदगी में पीटा।

जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस की मौजूदगी में भी ग्रामीण आक्रोशित रहे। उनका कहना था कि वह बदमाशों के अपने हाथों से सबक सिखाएंगे। हालांकि शांति बनाने के लिए सीओ कासिमाबाद की मौजूदगी में बिरनो, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद व सदर समेत नोनहरा थाने की पुलिस फोर्स बुलाया गया। जिसके बाद हालात में सुधार हुआ। बदमाशों को ग्रामीणों के चंगुल से निकालकर थाने ले आए। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने खुद के पास एक पिस्टल होने की बात भी कबूला है। फिलहाल पुलिस बदमाशों से पूछताछ करने के बाद कार्रवाई में जुटी हुई है। नोनहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पारा निवासी फखरुद्धीन उर्फ पप्पू और नसीमुद्धीन उर्फ सोनू पुत्र अबू हसन की टेंट की दुकान है। शनिवार को ही गांव के जीशान पुत्र मुस्तफा से फखरुद्धीन की किसी बात को लेकर गाली गलौज हुआ था। उसी दिन शाम को ग्राम सभा पारा के बगल में बरात आई थी, जहां उनका टेंट लगाया हुआ था। रविवार की सुबह वह टेंट लेकर अपने घर पहुंचा। बदला लेने की नियत से जीशान ने कुछ बाहरी बदमाशों को अपने घर में बुलाया था। जैसे ही सुबह फखरुद्दीन और उसका भाई नसरुद्दीन पहुंचे, उसी समय बदमाश घर से निकलकर रॉड और हॉकी से दोनों पर हमला कर दिया। फखरुद्दीन के चिल्लाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। अपने आप को ग्रामीणों से घिरा देख बदमाश मुस्तफा के घर के अंदर घुस गए। ग्रामीणों ने नोनहरा थाने में इसकी सूचना देने के बाद मुस्तफा के घर को घेर लिया। इस दौरान एक बदमाश जो बाइक से भागने की कोशिश किया, उसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसके बताने पर घर के अंदर छिपे अन्य दो बदमाशों को भी पकड़कर बाहर लाये। जिसके बाद जमकर पिटायी शुरू कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




