Ghazipur News: ईएनटी के लिए बनेगा मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, अत्याधुनिक मशीनों से होगा लैस
Ghazipur News: गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। ईएनटी और आंख विभाग के लिए तीन करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है। मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर बनाए जाएंगे जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। उपकरणों की खरीद-फरोख्त का कार्य जल्दी शुरू किया जाएगा।

Ghazipur News: गाजीपुर, संवाददाता। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में धीरे-धीरे सुविधाएं बढ़ रहीं हैं। अभी तक यहां आंख और नाक-कान गले के मरीजों को ही परामर्श मिल पाता था। संसाधनों की कमी से ज्यादातर ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि अब तीन करोड़ से आई और ईएनटी विभाग की सूरत बदली जाएगी। जल्द ही मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे। विभागों को अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने इसकी प्रक्रिया पूर्व में शुरू कर दी थी। इसके लिए शासन को डिमांड भेजा था। अब बजट आवंटित होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही मरीजों को लखनऊ जैसी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
सुविधाओं का विस्तार
जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हुए करीब पांच वर्ष हो चुका है। यहां ऑर्थो, सर्जरी, ईएनटी और आई विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तो तैनाती है। आईपीडी भवन में माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाया जाएगा। इस तरह के माड्यूलर ऑपरेशन थिएटर आसपास जनपदों के अस्पतालों में नहीं हैं। इससे जनपद सहित आसपास के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
उपकरणों की कमी
माड्यूलर ऑपरेशन थियेटर नहीं होने के कारण मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। ईएनटी विभाग की बात की जाए तो यहां विशेषज्ञ चिकित्सक हैं, लेकिन नाक, कान गले की जांच के लिए मशीनों की कमी थी। ऐसे में अगर किसी मरीज का ऑपरेशन करना है तो चिकित्सक अपने संसाधनों से ऑपरेशन करें या फिर मरीजों को रेफर कर देता था। वहीं हाल आई विभाग में वर्षों पुरानी मशीनों से चिकित्सकों को ऑपरेशन तो दूर आंखों की जांच करना मुश्किल हो रहा है। संसाधनों की कमी से बदहाल दोनों विभागों के अच्छे दिन आने वाले हैं। अस्पताल प्रशासन ने दोनों विभागों में संसाधनों की कमी दूर करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
खरीदारी की प्रक्रिया
दोनों विभागों में उपकरणों की खरीद-फरोख्त में करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभागाध्यक्षों ने सभी जरूरत के उपकरणों का ब्योरा बनाकर अस्पताल प्रशासन को भेज दिया है। जिसके बाद अब बजट भी मिल गया है। जल्द ही खरीदारी शुरू करायी जाएगी।

