ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

Jan 16, 2026 08:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गाजीपुर
share

Ghazipur News - सैदपुर में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 35 वर्षीय मिथिलेश बिंद की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग की। मिथिलेश मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार में उसे रौंद दिया और फरार हो गया।

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

सैदपुर, हिंदुस्तान सवांद। थाना क्षेत्र के गैबीपुर चट्टी के पास ट्रैक्टर की चपेट आने से शुक्रवार शाम करीब सात बजे 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिथिलेश बिंद पुत्र जमुना बिंद, निवासी ताजपुर थाना सैदपुर, गाजीपुर के रूप में हुई है। आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। वाहनों में तोड़फोड़ भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। जानकारी के अनुसार ताजपुर मोलना निवासी 35 वर्षीय मिथिलेश बिंद साधू पुत्र जमुना बिंद मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। वो गैबीपुर में मजदूरी का काम कर रहा था और शुक्रवार की देरशाम मजदूरी का कार्य खत्म हुआ तो परिवार की खुशी के लिए औड़िहार से मुर्गा खरीदकर घर जा रहा था।

अभी वो अंडरपास से महज कुछ ही कदम आगे बढ़ा था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। जिसमें उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण वहां जुट गए और परिजन भी रोते बिलखते पहुंचे। इसके बाद औड़िहार-गैबीपुर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि शेखपुर के पास रेलवे का काम चल रहा है। जिसके चलते महीनों से इस संकरे व सिंगल रास्ते से हर रोज दिन में सैकड़ों बार ये ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार में मिट्टी लादकर आते व गिराकर वापस जाते हैं। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि इन ट्रैक्टर चालकों से कई बार मना किया गया लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थे। बल्कि कई बार भिड़ जाते थे। उनके चलते ही अंडरपास में भी ढेर सारी मिट्टी गिर जाती थी और पानी के संपर्क में आकर वहां खतरनाक फिसलन बन जाती है। जिससे अंडरपास में भी आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार मना कर कहा गया कि मिट्टी ले जाने के लिए दूसरे रास्ते का उपयोग करें लेकिन ये रास्ता छोटा पड़ने से नहीं मानते थे। आखिरकार आज वही हुआ, जिसका हमें अंदेशा था। इधर घटना के बाद मौके पर एक एसआई व कुछ सिपाही पहुंचे और उन्हें समझाया लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थे। उनकी मांग थी कि इस रास्ते से ऐसे ट्रैक्टरों का आवागमन बंद करते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए। कई घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। जिससे दोनों तरफ वाहन खड़े थे। मृतक 7 भाईयों व 2 बहनों में 5वें नंबर पर था और वो अपने पीछे पत्नी समेत 2 पुत्र व 2 पुत्रियां छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।