बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की गई जान
सैदपुर (गाजीपुर) में वाराणसी गोरखपुर हाईवे पर एक बाइक सवार को बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 28 वर्षीय ऋतिक पाण्डेय अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार में शोक की लहर है।
सैदपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव स्थित वाराणसी गोरखपुर हाईवे पर बुधवार तड़के सुबह साढ़े चार बजे एक बाइक सवार को वाराणसी की ओर से आ रही बोलेरो कार ने जोरदार टककर मार दी। मौके पर ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सैदपुर सीएचसी भेजकर परिजनों को सूचना दी। इकलौते पुत्र की मृत्यु की सूचना पर परिवार में चित्कार मच गया। मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रामपुर माझा थाना क्षेत्र के देवकली निवासी 28 वर्षीय ऋतिक पाण्डेय उर्फ शानू पुत्र संजय पाण्डेय बुधवार भोर में बाइक से वाराणसी जाने के लिए निकले।
वह अभी सैदपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव स्थित वाराणसी गोरखपुर हाईवे पर पहुंचे थे कि वाराणसी की ओर से आ रही एक बोलेरे ने बाइक में जोरदार टककर मार दी। ऋतिक बाइक से छिटक कर दूर जा गिरे। दुर्घटना में उनका सिर फट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल को सैदपुर सीएचसी भिजवाया। जहां चिकित्सक ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज मनोज पाण्डेय ने मृतक ऋतिक के परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर अस्पताल पहुंची मृतक की मां निगम पाण्डेय रो-रोकर बेहोश हो जा रही थी। ऋतिक दो बहन पायल और आंचल में सबसे बड़े थे। अपने पिता व तीन चाचा में एकलौते थे। वह घर पर ही रहकर खेती किसानी करते थे। उनके पिता संजय पाण्डेय गुजरात के जामनगर में एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। वही मां और दोनों बहनों के साथ ही चाचा संतोष का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा संतोष पाण्डेय ने सैदपुर कोतवाली में अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


