ट्रेलर की चपेट में आने से घायल छात्रा की मौत
Ghazipur News - गाजीपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र में, एक छात्रा अपने पिता के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रही थी, तभी ट्रेलर की चपेट में आ गई। गंभीर घायल अवस्था में बीएचयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना ने गांव में शोक की लहर फैला दी है।
मरदह (गाजीपुर)। शहर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय पॉलीटेक्निक के पास पिता के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रही छात्रा सोमवार को ट्रेलर की चपेट में आ गई। इलाज के दौरान बीएचयू में मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार बिरनो थाना के नसरतपुर गांव निवासी बीटीसी छात्रा महिमा परीक्षा देने के लिए सोमवार को बाइक से पिता बिपिन कुमार के साथ दिलदारनगर जा रही थी। राजकीय पॉलीटेक्निक के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर में महिमा का दुपट्टा फंस गया। जिससे काफी दूर तक पहिया में फंसकर वह घसीटते चली।
महिमा को गम्भीर रूप से घायल अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, वहां हालत में सुधार न होने पर वाराणसी बीएचयू में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान महिमा की मौत हो गयी। महिमा चार भाई बहनों में सबसे बड़ी थी। वह बीटीसी चौथे समेस्टर की परीक्षा देने के लिए प्रथम दिन दिलदारनगर स्थित इंटर कालेज में जा रही थी। परिवार के लोगों ने बताया पढ़ने में काफी मेधावी एवं होनहार थी। घटना के बाद परिवार के लोगों के रोने बिलखने से गांव में शोक की लहर व्याप्त है। छात्रा को टक्कर मारने वाले ट्रेलर को चालक सहित गाजीपुर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिया है। छात्रा के पिता बिपिन कुमार के प्रार्थना पर कोतवाली पुलिस ने ट्रेलर चालक के मुकदमा दर्ज किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


