गंगा में डूबे ट्रेलर के केबिन से मिला खलासी का पंजा
Ghazipur News - रेवतीपुर में एक ट्रेलर के गंगा में गिरने से खलासी बिट्ठल गुप्ता का शव फंसा मिला। पांचवे दिन एसडीआरएफ की टीम ने उसका दाहिना हाथ का पंजा बरामद किया, लेकिन शव पूरी तरह से सड़ चुका है। ट्रेलर चालक का शव पहले ही मिल चुका है। प्रशासन के लिए ट्रेलर को निकालना चुनौती बना हुआ है।

रेवतीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। हमीद सेतु से गंगा में गिरे ट्रेलर में ही खलासी 20 वर्षीय बिट्ठल गुप्ता का शव फंसा है। बुधवार को हादसे के पांचवे दिन एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर के केबिन से बिट्ठल गुप्ता के दाहिने हाथ का पंजा बरामद किया। यह पंजा पीलर संख्या 6-7 के बीच से निकाला गया। पुलिस के अनुसार खलासी बिट्ठल का शव पूरी तरह से सड़ चुका है और उसे ट्रेलर के केबिन से निकालना संभव नहीं है। बरामद पंजे को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में ट्रेलर चालक 24 वर्षीय राजन यादव का शव पहले ही युवराजपुर घाट से बरामद किया जा चुका है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर अभी भी नदी में डूबा हुआ है, जिसे बाहर निकालना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।मृतक खलासी बिट्ठल गुप्ता गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के एकला बाजार का निवासी था। वह अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता संजय गुप्ता स्थानीय स्तर पर चाय और किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बीते शनिवार को भोर में 3:30 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सब्जी लदी पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी थी। इसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि खलासी का शव पूरी तरह से सड़ चुका है। वह निकाले जाने की स्थिति में नहीं है। उसके दाहिने हाथ का सड़ा पंजा बरामद हुआ है। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


