छात्र पर जानलेवा हमले में तीन गिरफ्तार
Ghazipur News - रेवतीपुर में पुलिस ने एक छात्र पर जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी नगसर मार्ग पर भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अन्य चार आरोपितों की तलाश कर रही है। 16 वर्षीय छात्र प्रिंस जायसवाल पर हमला कर उसे सड़क पर फेंक दिया गया था।

रेवतीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना पुलिस ने छात्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में सोमवार को तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों भागने के फिराक में नगसर मार्ग पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि छात्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर थाना क्षेत्र के सलेमपुर डेरा के समीप नगसर मार्ग से 19 वर्षीय विकास कुमार, 19 वर्षीय नीरज और 20 वर्षीय सुमित निवासी नगसर को गिरफ्तार किया। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने लाई, जहां पूछताछ के बाद उनका चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायालय ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद तीन अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बता दें कि शनिवार को रेवतीपुर गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र प्रिंस जायसवाल अपने साथियों के साथ बाइक से इंटरमीडिएट की परीक्षा देने नवली जा रहा था। उतरौली के समीप बाइक रुकवाकर उसे जबरन नीचे उतारा और हॉकी, बेल्ट व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए। घायल छात्र का इलाज चल रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, सम्पूर्णानन्द और चंद्रजीत शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


