बाइक सवार बदमाशों ने टेंट हाउस संचालक को मारी गोली
Ghazipur News - गाजीपुर के रसूलपुर पचराशि गांव में टेंट हाउस संचालक पारस नाथ यादव को सुबह टहलते समय बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। पारस को गंभीर चोटें आई हैं और इलाज चल रहा है। घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा...

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर पचराशि गांव में गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे टहलने के दौरान टेंट हाउस संचालक पारस नाथ यादव को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल पारस को आनन फानन में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां इलाज चल रहा है। गोली चलने की सूचना मिलते ही नंदगंज पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से बातचीत कर घटना के कारणों के बारे में जानकारी ली। पुरानी रंजिश में गोली मारने की बात सामने आ रही है। घायल टेंट हाउस संचालक पारस नाथ यादव ने बताया कि वह सुबह टहलने निकले थे। तभी गांव के ही मनीष यादव, गोलू यादव समेत सात लोगों ने अम्बिका यादव स्कूल के सामने उन्हें घेर लिया।
पहले एक गोली चलाई जो बच गई, फिर दूसरी गोली दाहिनी जंघा में लगी। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की, जिससे उनका एक हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोट आई है। घायल का कहना था कि आठ महीने पहले कुसम्ही कला गांव में बारात के दौरान मनीष यादव को बाइक चोरी करते हुए देखा गया था। जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। तब से मनीष यादव समझौता करने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पारस की हालत फिलहाल स्थिर है, गोली शरीर से निकाल ली गई है और इलाज जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




