
संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
Ghazipur News - भगीरथपुर गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटकता मिला। मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका का पति घटना के दिन मुंबई से घर आया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मनिहारी, हिन्दुस्तान संवाद। शादियाबाद थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव में शनिवार को संदिग्ध हालत में एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली के गौसपुर बुजुर्गा निवासी बहादुर राजभर ने अपनी बेटी 25 वर्षीय मंशा की शादी वर्ष 2021 में भगीरथपुर गांव निवासी शशिकांत राजभर से की थी। पिता ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए बेटी को मारते-पीटते थे।

एक सप्ताह पहले ही उसे मारपीट कर घर से भगा दिया था। फिर बाद में 19 नवंबर को बेटी का पति शशिकांत राजभर मुंबई से गौसपुर बुजुर्गा आया और उसे अपने साथ घर भगीरथपुर ले गया। सुबह आसपास के लोगों ने सूचना दी कि बेटी की मौत हो गई है। उन्होंने पति, देवर और सास पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। मामले में थानाध्यक्ष श्यामजी यादव ने बताया कि मृतका के पिता बहादुर राजभर की तहरीर के आधार पर पति शशिकांत राजभर, देवर श्रीकांत राजभर और सास प्रेमशिला के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




