परीक्षा देने जा रहे छात्र पर किया हमला
Ghazipur News - रेवतीपुर में इंटर की परीक्षा देने जा रहे छात्र पर शनिवार को उतरौली गांव के पास नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। घायल छात्र को हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। दो संदिग्ध हमलावरों को पकड़ लिया गया है और जांच जारी है।

रेवतीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। इंटर की परीक्षा देने जा रहे छात्र पर उतरौली गांव के पास नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार को जानलेवा हमला कर दिया। घायल हालत में छात्र को हाइवे किनारे झाड़ियों में फेंक कर भाग गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रिंस जायसवाल निवासी रेवतीपुर इंटर की परीक्षा देने नवली इंटर कॉलेज जा रहा था। अभी उतरौली गांव के पास पहुंचा था कि आधा दर्जन हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने लाठी-डंडों, बेल्ट और नुकीले हथियारों से छात्र को बेरहमी से पीटा।
हमलावर उसे मृत समझकर हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। घायल छात्र के शरीर पर 20 से अधिक गहरी चोटें पाई गई हैं। घटना के बाद नगसर और रेवतीपुर पुलिस ने घेराबंदी कर भाग रहे दो संदिग्ध हमलावरों को दबोच लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक स्वजन की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दो संदिग्ध हमलावरों को पकड़ पूछताछ की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


